नगर-निगम के साथ मिलकर कार्रवाई, गैरेज सील करने की चेतावनी
बिलासपुर। गौरव पथ रोड के अमेरी चौक पर ट्रैफिक व्यवस्था को बाधित कर रही बेतरतीब गाड़ियों के खिलाफ गुरुवार को यातायात पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। A to Z मल्टी ब्रांड और रॉयल मोटर कार सर्विस एंड गैरेज के सामने कई बंद और क्षतिग्रस्त गाड़ियों को मुख्य मार्ग पर खड़ा किया गया था, जिससे आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहा था। लगातार दी जा रही चेतावनियों के बावजूद गैरेज संचालक नहीं माने, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
नो पार्किंग बोर्ड लगाने के निर्देश
यातायात पुलिस ने समस्त गैरेज संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि वे अपने गैरेज के सामने नो पार्किंग बोर्ड लगाएं, साथ ही यातायात नियमों के अंतर्गत संभावित जुर्माने की राशि का उल्लेख करते हुए सूचना बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाएं।
सड़क पर खड़ी गाड़ियां बन रहीं थीं दुर्घटना का कारण
पुलिस के अनुसार गैरेज संचालक बंद और एक्सिडेंटल गाड़ियों को महीनों से मुख्य मार्ग पर खड़ा कर रखे थे। इससे ना सिर्फ ग्राहकों को पार्किंग की समस्या हो रही थी, बल्कि जाम की स्थिति भी बनती थी। बिना किसी संकेतक के इन गाड़ियों के कारण किसी भी वक्त गंभीर दुर्घटना की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
अब नियम तोड़ने पर हो सकती है गैरेज सील
यातायात पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि कोई गैरेज संचालक आगे भी इसी तरह सड़क पर वाहन खड़े करते पाया गया, तो नगर निगम द्वारा उनका गैरेज सील किया जा सकता है। शहर में सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
व्यवसायियों को सख्त हिदायत
यातायात पुलिस ने दोपहिया-तीनपहिया वाहन मरम्मत करने वालों, सेकंड हैंड गाड़ियों के विक्रेताओं और फुटपाथ दुकानदारों को भी चेताया है कि वे सड़क पर अतिक्रमण कर व्यवसाय न करें। सभी को अपील की गई है कि यातायात नियमों का पालन करते हुए ही व्यवसाय संचालन करें, जिससे आम नागरिकों को सुविधाजनक और सुरक्षित आवागमन मिल सके।













