बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा, “स्वच्छता के क्षेत्र में हमारी सफाई दीदियों का योगदान अतुलनीय है, और आज उनके पैर पखारकर हमने उन्हें सम्मानित किया है।” उन्होंने यह बात मंगलवार को बहतराई इंडोर स्टेडियम में आयोजित ‘स्वच्छता संगम-2025’ में कही। इस मौके पर उन्होंने 260 करोड़ रुपए से ज्यादा के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया, साथ ही स्वच्छता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नगरीय निकायों को सम्मानित किया।
स्वच्छता दीदियों का पैर पखारकर सम्मान
कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने स्वच्छता दीदियों के पैर पखारकर उनका सम्मान किया। स्वच्छ सर्वेक्षण-2024-25 में बेहतर प्रदर्शन करने वाले नगरीय निकायों को मंच पर बुलाकर पुरस्कार दिए गए। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राष्ट्रीय स्तर पर स्वच्छता में पहला स्थान पाने वाले नगरीय निकाय को 1 करोड़, दूसरा स्थान पाने वाले को 50 लाख और तीसरा स्थान पाने वाले को 25 लाख रुपए का इनाम मिलेगा।
ऑनलाइन संपत्ति कर पोर्टल का शुभारंभ
मुख्यमंत्री ने 46 शहरों में एक साथ जीआईएस आधारित ऑनलाइन प्रॉपर्टी टैक्स पोर्टल लॉन्च किया। इसमें बिरगांव, भिलाई-चरोदा और धमतरी नगर निगम समेत 43 नगरपालिकाएं शामिल हैं। अब लोग घर बैठे संपत्ति कर जमा कर सकेंगे, जिससे समय और मेहनत दोनों की बचत होगी और राजस्व वसूली भी तेज होगी।
विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन
‘स्वच्छता संगम’ के मंच से मुख्यमंत्री ने 63.57 करोड़ रुपए के 24 कार्यों का लोकार्पण और 197 करोड़ रुपए से अधिक के 25 कार्यों का भूमिपूजन किया। ये काम बिलासपुर जिले के अलग-अलग हिस्सों में होंगे और इनमें सड़क, पेयजल, सीवरेज, सामुदायिक भवन सहित कई विकास परियोजनाएं शामिल हैं।
शहीद विनोद सिंह कौशिक मेधावी छात्र अभिनंदन समारोह
मुख्यमंत्री साय बिलासपुर में गुरु घासीदास विश्वविद्यालय में आयोजित शहीद विनोद सिंह कौशिक मेधावी छात्र अभिनंदन समारोह में भी शामिल हुए। उन्होंने 3,000 से ज्यादा मेधावी छात्रों को सम्मानित करते हुए कहा कि “युवा पीढ़ी ही राष्ट्र का भविष्य है और उनकी मेहनत, लगन और संकल्प से प्रदेश नई ऊंचाइयों को छुएगा।”
मुख्यमंत्री ने सीपत-नवाडीह चौक का नामकरण शहीद विनोद सिंह कौशिक के नाम पर करने की घोषणा की और कहा कि नक्सलवाद की कमर टूट चुकी है, मार्च 2026 तक इसे पूरी तरह खत्म कर देंगे।
छात्रों को दिया प्रेरणादायी संदेश
समारोह में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि “डिप्रेशन और निराशा जैसे शब्द अपनी डिक्शनरी से हटा दीजिए, क्योंकि निराश व्यक्ति कभी सफलता प्राप्त नहीं कर सकता।” उन्होंने छात्रों से सकारात्मक सोच और निरंतर मेहनत के साथ अपने लक्ष्यों की ओर बढ़ने का आह्वान किया।
गर्मजोशी से हुआ स्वागत
कार्यक्रमों में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से बिलासपुर पहुंचे। पंडित सुंदरलाल शर्मा परिसर हेलीपैड पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूलों के गुलदस्ते भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया।
इन कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन हुआ
सीएम साय ने जिले में कुल 63.57 करोड़ रुपये की लागत के 24 कार्यों का लोकार्पण और 197 करोड़ रुपये के 25 कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें शामिल हैं—
- नूतन चौक, बिलासपुर – 3 करोड़ 85 लाख रुपये की लागत से व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स।
- कोनी – 9 करोड़ 05 लाख रुपये का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी)।
- शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज – 4 करोड़ 82 लाख रुपये की लागत से कन्या छात्रावास।
- नगोई बस्ती से मोढ़े नाका मार्ग – 3.6 किमी लंबी सड़क, लागत 6 करोड़ 29 लाख रुपये।
- उस्लापुर-दैजा मार्ग – 7 किमी सड़क का चौड़ीकरण, मजबूतीकरण और डामरीकरण, लागत 12 करोड़ 53 लाख रुपये।
- मंगला भैंसाझार से दीनदयाल कॉलोनी लोखंडी रेलवे फाटक तक – 3.5 किमी टू-लेन सड़क, लागत 5 करोड़ 45 लाख रुपये।
- जल जीवन मिशन के तहत – बिलासपुर जिले के 11 गांवों में नल-जल योजना का शुभारंभ।
उपस्थित जनप्रतिनिधि व अधिकारी
इस अवसर पर कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक अमर अग्रवाल, धरम लाल कौशिक, धरमजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, दिलीप लहरिया, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजेश पांडे, क्रेडा के अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, दिलेन्द्र कौशिक सहित जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।संभागायुक्त सुनील जैन, आईजी संजीव शुक्ला, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसपी रजनेश सिंह, दीपक सिंह, सभी नगरीय निकायों के महापौर, सभापति, नगर पालिका एवं नगर पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, निगम आयुक्तों, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगरीय निकायों के वरिष्ठ अभियंता, स्वच्छता दीदी एवं स्वच्छता कमांडो भी बड़ी संख्या में मौजूद थे।













