उच्च-न्यायालय परिसर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 79वां स्वतंत्रता दिवस

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय परिसर में आजादी का 79वां पर्व गरिमामय और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा, उच्च न्यायालय के न्यायाधीशगण अपने परिवारजनों और आमंत्रित अतिथियों के साथ मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर हुई। इसके बाद मुख्य न्यायाधीश ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। राष्ट्रगान के पश्चात पुलिस और एनसीसी कैडेट्स की परेड ने वातावरण को देशभक्ति की भावना से भर दिया। परेड कमांडरों को उनके अनुशासित प्रदर्शन के लिए स्मृति चिन्ह भी प्रदान किए गए। इस अवसर पर एक अभिनव पहल के तहत एक दिव्यांग कर्मचारी को ई-साइकिल भेंट की गई।

स्वल्पाहार के दौरान मुख्य न्यायाधीश ने अतिथियों और अधिवक्ताओं से मुलाकात कर संवैधानिक मूल्यों और न्यायपालिका की जनता के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय सदैव न्याय, समानता और स्वतंत्रता की मूल भावना को मजबूती से आगे बढ़ाने के लिए समर्पित है।

समारोह में रजिस्ट्री के अधिकारी, न्यायिक अकादमी के सदस्य, बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, महाधिवक्ता कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी, अधिवक्ता और नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here