72–80 सीटर विमान अब बिना बाधा संचालित होंगे, मुख्यमंत्री ने दी प्रदेश को बधाई, केंद्र का आभार माना

बिलासपुर, 6 फरवरी। बिलासपुर की हवाई कनेक्टिविटी को बड़ी मजबूती मिली है। बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट को नाइट लैंडिंग लाइसेंस (3C IFR) प्राप्त हो गया है। इसके साथ ही अब बिलासपुर से 72 और 80 सीटों वाले विमान दिन-रात, यानी 24 घंटे निर्बाध रूप से परिचालित किए जा सकेंगे। इससे खराब मौसम के कारण उड़ानों के रद्द होने की आशंका भी लगभग समाप्त हो गई है।

छह साल के जनआंदोलन की बड़ी उपलब्धि

एयर कनेक्टिविटी पब्लिक स्ट्रगल कमेटी ने इसे छह वर्षों से चल रहे जनसंघर्ष का महत्वपूर्ण परिणाम बताया। मार्च 2021 में एयरपोर्ट के संचालन में आने के बावजूद अब तक सीमित उड़ानें ही उपलब्ध थीं। जनता की प्रमुख मांगों-रात्रिकालीन लैंडिंग, चारों महानगरों के लिए दैनिक सीधी उड़ानें और 4C एयरपोर्ट-में से नाइट लैंडिंग सुविधा आज पूरी हो गई है।

उड़ान रद्द होने की समस्या होगी कम

कमेटी के अनुसार 3C IFR लाइसेंस मिलने से अब मौसम की वजह से उड़ानें रद्द होने की संभावना काफी घट जाएगी। इससे यात्रियों को समय पर आवागमन की सुविधा मिलेगी और व्यवसायिक व सामाजिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

सरकार और जनप्रतिनिधियों का आभार

एयर कनेक्टिविटी पब्लिक स्ट्रगल कमेटी ने केंद्र और राज्य सरकारों के साथ-साथ सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया है। कमेटी ने इस संघर्ष में भाग लेने वाले प्रत्येक नागरिक, संस्था और संगठन को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

नाइट लैंडिंग लाइसेंस मिलने की खबर के बाद जन संघर्ष समिति के सदस्य सुदीप श्रीवास्तव, पूर्व महापौर रामशरण यादव सहित अनेक सदस्य राघवेंद्र राव सभा भवन परिसर स्थित धरना स्थल पर आज शाम एकत्र हुए और उन्होंने एक दूसरे को मिठाई बांटते हुए बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने दी बधाई

बिलासपुर एयरपोर्ट को 3सी-वीएफआर से उन्नत कर 3सी-ऑल वेदर ऑपरेशंस (आईएफआर) श्रेणी में स्वीकृति मिलने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया पर प्रदेश की जनता को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह छत्तीसगढ़ के विकास की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है। इस निर्णय से अब बिलासपुर एयरपोर्ट पर हर मौसम में विमान परिचालन संभव हो सकेगा, जिससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी, यात्रियों को अधिक सुविधाजनक हवाई सेवाएं मिलेंगी और व्यापार, उद्योग एवं पर्यटन को नई गति प्राप्त होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों की ओर से इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया जाता है।

आगे भी जारी रहेगा संघर्ष

कमेटी ने स्पष्ट किया कि जनआंदोलन अभी आधा ही पूरा हुआ है। उनका कहना है कि जब तक 4C एयरपोर्ट का दर्जा और देश के सभी महानगरों के लिए सीधी नियमित उड़ानें शुरू नहीं हो जातीं, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here