SECL की CSR पहल के तहत जिले की 200 आंगनबाड़ियों के उन्नयन का लक्ष्य, 4.72 करोड़ रुपये की परियोजना पर काम जारी

बिलासपुर। दक्षिण पूर्वी कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) योजना के तहत बिलासपुर के लिंगियाडीह में विकसित मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र का लोकार्पण किया। यह केंद्र जिले की 200 आंगनबाड़ियों के आधुनिकीकरण और उन्नयन के लिए संचालित 4.72 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी परियोजना का हिस्सा है।

लोकार्पण कार्यक्रम में SECL के कार्मिक निदेशक बिरंची दास ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव प्रारंभिक शिक्षा और बेहतर सुविधाओं से ही तैयार होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों को सीखने, खेलने और विकसित होने के लिए अधिक अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराएगा।

उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा और सुरक्षित अधोसंरचना भविष्य की पीढ़ी को बेहतर अवसर प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। SECL इसी सोच के साथ सामाजिक विकास से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम में महाप्रबंधक (सीएसआर) अजय बेहरा सहित सीएसआर विभाग और अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर केंद्र में अध्ययनरत बच्चों को पुस्तकें, पेंसिल, ड्राइंग पैड और स्केचबुक जैसी शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई।

वर्तमान में इस आंगनबाड़ी केंद्र में 22 बच्चे पंजीकृत हैं। उन्नयन के बाद यहां बच्चों के लिए आकर्षक और बाल-अनुकूल कक्षाएं, बेहतर स्वच्छता सुविधाएं, आधुनिक फर्नीचर तथा शिक्षण-सहायक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। इन सुविधाओं का उद्देश्य बच्चों के शैक्षणिक और मानसिक विकास को प्रोत्साहित करना है।

उल्लेखनीय है कि SECL बिलासपुर जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण CSR प्रकल्पों का संचालन कर रहा है। हाल ही में सकरी क्षेत्र में SECL के CSR फंड से निर्मित होने वाले अत्याधुनिक वृद्धाश्रम एवं दिव्यांगजन पुनर्वास केंद्र का भूमिपूजन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा किया गया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here