न्यायिक रिमांड पर सोमवार को भेजा गया था, अगले ही दिन संदिग्ध परिस्थितियों में मिली लाश

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के खोखरा स्थित जिला जेल में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब दुष्कर्म के एक आरोपी की लाश जेल परिसर के बाथरूम में फांसी के फंदे पर लटकी मिली। घटना के बाद जेल प्रशासन, पुलिस और जिला अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

मृतक की पहचान कोरबा जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जावली गांव निवासी दुबस राम केवट के रूप में हुई है। उसे नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। सोमवार को अदालत में पेश किए जाने के बाद न्यायिक रिमांड पर खोखरा जिला जेल भेजा गया था।

जानकारी के अनुसार बालोद थाना क्षेत्र से 5 मार्च 2026 को एक नाबालिग लड़की लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। साइबर तकनीक और अन्य माध्यमों की मदद से पुलिस ने युवती को कोरबा जिले से बरामद किया। जांच के दौरान दुबस राम केवट का नाम सामने आया, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर गिरफ्तार कर लिया गया।

बताया जा रहा है कि जेल में दाखिल होने के महज एक दिन बाद मंगलवार सुबह आरोपी ने कपड़े से फंदा बनाकर बाथरूम में आत्महत्या कर ली। काफी देर तक कोई गतिविधि नहीं दिखने पर जेल कर्मचारियों को संदेह हुआ। जांच करने पर वह फंदे से लटका मिला।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी जिला जेल पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की गई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

कोतवाली थाना प्रभारी जे.पी. गुप्ता ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि जेल परिसर के भीतर यह घटना किन परिस्थितियों में हुई और सुरक्षा व्यवस्था में कहीं कोई चूक तो नहीं हुई।

घटना ने जेल की सुरक्षा और बंदियों की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। एक विचाराधीन बंदी द्वारा जेल के भीतर आत्महत्या किए जाने के बाद प्रशासन अब सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा प्रोटोकॉल और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच कर रहा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here