भारी वाहनों को शहर से बाहर मिलेगा नया मार्ग
बिलासपुर। बिलासपुर शहर को लगातार बढ़ते ट्रैफिक जाम से स्थायी राहत दिलाने की दिशा में एक अहम पहल हुई है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तथा बिलासपुर सांसद तोखन साहू ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर प्रस्तावित 4-लेन रिंग रोड परियोजना को शीघ्र मंजूरी देने और निर्माण प्रक्रिया में तेजी लाने का अनुरोध किया।
बैठक के दौरान सांसद तोखन साहू ने कहा कि बिलासपुर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए लगभग ₹827.20 करोड़ की लागत वाली 4-लेन रिंग रोड अब शहर की प्रमुख आवश्यकता बन चुकी है। उन्होंने बताया कि यह परियोजना एनएच-130, एनएच-130ए और एनएच-49 को आपस में जोड़ेगी, जिससे भारी मालवाहक वाहनों का शहर के भीतर प्रवेश कम होगा और नागरिकों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी।
औद्योगिक और आवासीय क्षेत्रों की बेहतर होगी कनेक्टिविटी
सांसद ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि रिंग रोड बनने से औद्योगिक, व्यावसायिक और आवासीय क्षेत्रों के बीच संपर्क बेहतर होगा। इससे यात्रा का समय कम होगा, परिवहन अधिक सुगम बनेगा और शहर के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि परियोजना के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर), यातायात सर्वे और प्रस्तावित एलाइनमेंट को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में जुटा है। उन्होंने इन सभी प्रक्रियाओं को तेज करते हुए परियोजना को जल्द स्वीकृति देने का आग्रह किया।
कार्रवाई में तेजी लाने का आश्वासन
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने संकेत दिया कि परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं में तेजी लाई जाएगी।
रिंग रोड परियोजना के साकार होने पर न केवल शहर की यातायात व्यवस्था अधिक व्यवस्थित होगी, बल्कि बिलासपुर और आसपास के क्षेत्र के आर्थिक एवं आधारभूत ढांचे के विकास को भी नई दिशा मिलने की उम्मीद है।














