SAT परीक्षा के नाम पर वसूली रकम, एडमिशन लेटर का वादा कर मोबाइल बंद कर हुए फरार

बिलासपुर। बिलासपुर की एक छात्रा से IIIT हैदराबाद में प्रवेश दिलाने का झांसा देकर 12 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। विनोबा नगर निवासी छात्रा की शिकायत पर तारबाहर पुलिस ने एक एडमिशन कंसल्टेंसी से जुड़े छह लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद छात्रा बेहतर कॉलेजों में प्रवेश की जानकारी इंटरनेट और सोशल मीडिया पर तलाश रही थी। इसी दौरान उसे ‘प्राइम पाथ एडमिशन’ नामक कंसल्टेंसी का विज्ञापन दिखाई दिया। संपर्क करने पर कंसल्टेंसी के प्रतिनिधियों ने दावा किया कि SAT परीक्षा के माध्यम से IIIT हैदराबाद में प्रवेश दिलाया जा सकता है।

छात्रा का आरोप है कि कंसल्टेंसी ने उससे SAT परीक्षा का आवेदन भरवाया और भरोसा दिलाया कि परीक्षा के बाद प्रवेश सुनिश्चित करा दिया जाएगा। उसने शुरुआत में ही स्पष्ट कर दिया था कि प्रवेश सुनिश्चित हुए बिना वह कोई भुगतान नहीं करेगी। इसके बावजूद परीक्षा के बाद कंसल्टेंसी के प्रतिनिधियों ने विभिन्न बहानों से उससे रकम जमा कराई।

शिकायत के मुताबिक, 8 जून को पुणे के विजन वन मॉल में हुई मुलाकात के दौरान कंसल्टेंसी के निर्देश पर छात्रा ने आरटीजीएस के माध्यम से 4 लाख रुपये आरोपियों के बताए बैंक खाते में जमा किए। इसके बाद शेष 8 लाख रुपये देने के लिए उसे हैदराबाद बुलाया गया।

7 जुलाई को हैदराबाद के गाचीबौली स्थित एक होटल में मुलाकात के दौरान छात्रा ने आरटीजीएस के जरिए 8 लाख रुपये और ट्रांसफर कर दिए। इस तरह कुल 12 लाख रुपये आरोपियों के खातों में जमा कराए गए।

रकम मिलने के बाद आरोपियों ने भरोसा दिलाया कि दो सप्ताह के भीतर IIIT हैदराबाद का प्रवेश पत्र मिल जाएगा। 27 जुलाई तक व्हाट्सएप कॉल और संदेशों के जरिए संपर्क बना रहा। बाद में कंसल्टेंसी ने बताया कि प्रवेश नहीं हो सका है और पूरी राशि वापस कर दी जाएगी।

छात्रा का आरोप है कि 28 जुलाई की शाम से कंसल्टेंसी से जुड़े सभी लोगों के मोबाइल फोन बंद हो गए। उनसे किसी भी माध्यम से संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद उसे अपने साथ ठगी होने का अहसास हुआ और उसने तारबाहर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बैंक खातों में जमा कराई गई राशि, लेनदेन के दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here