बिलासपुर। उपभोक्ताओं की लगातार शिकायतों के बाद जिला प्रशासन ने मंगलवार को बालाजी गैस एजेंसी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर राजस्व, खाद्य विभाग और इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (IOCL) की संयुक्त टीम ने मंगला क्षेत्र स्थित एजेंसी के कार्यालय और महाराणा चौक स्थित गोदाम का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान स्टॉक में बड़ी गड़बड़ी सामने आने पर टीम ने कुल 939 गैस सिलेंडर जब्त किए।
शिकायतें थीं कि बुकिंग के बावजूद उपभोक्ताओं को सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं और कुछ मामलों में वास्तविक आपूर्ति के बिना ही ऑनलाइन डिलीवरी दर्ज की जा रही है। इन शिकायतों के आधार पर प्रशासन ने एजेंसी के भौतिक स्टॉक और ऑनलाइन रिकॉर्ड का मिलान कराया।
जांच में ऑनलाइन रिकॉर्ड में 864 भरे सिलेंडर दर्ज मिले, जबकि मौके पर सिर्फ 452 भरे सिलेंडर पाए गए। इस तरह रिकॉर्ड की तुलना में 412 भरे सिलेंडर कम मिले। वहीं, ऑनलाइन रिकॉर्ड में 473 खाली सिलेंडर दर्ज थे, जबकि भौतिक सत्यापन में 487 खाली सिलेंडर मिले। यानी मौके पर रिकॉर्ड से 14 खाली सिलेंडर अधिक पाए गए।
संयुक्त टीम ने कुल 452 भरे और 487 खाली सिलेंडर जब्त किए हैं। एजेंसी संचालक कृष्ण कुमार सेलारका ने स्टॉक में अंतर के पीछे तकनीकी खामी को वजह बताया है।
जांच टीम में तहसीलदार प्रकाश साहू, सहायक खाद्य अधिकारी अजय मौर्य, खाद्य निरीक्षक विनिता दास, वर्षा सिंह, मंगेश कांत, ललिता शर्मा, आशीष दीवान और वसुधा राजपूत तथा IOCL के सेल्स अधिकारी पंकज छेटीजा शामिल रहे।
सीएम हेल्पलाइन पर भी हुई थीं शिकायतें
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि एजेंसी के खिलाफ कॉल सेंटर और सीएम हेल्पलाइन 1076 पर शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विस्तृत जांच शुरू कर दी है। टीम एजेंसी के दस्तावेज, स्टॉक, ऑनलाइन रिकॉर्ड और उपभोक्ताओं की शिकायतों का परीक्षण करेगी।
संयुक्त टीम को सात दिन के भीतर पूरी जांच रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद जब्त स्टॉक, दस्तावेज और उपभोक्ताओं के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।














