सीने में लगी गोली; अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के बछेली स्थित CISF कैंप में राइफल की सफाई के दौरान अचानक दो राउंड फायर हो गए। गोली लगने से CISF के हेड कांस्टेबल दत्तात्रेय गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल बछेली के अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, 50 वर्षीय हेड कांस्टेबल दत्तात्रेय बछेली स्थित CISF कैंप के सेक्टर 10-11, कैंप ए के पोटाकेबिन नंबर-3 में अपनी AK-47 राइफल साफ कर रहे थे। इसी दौरान राइफल से अचानक दो गोलियां चल गईं। इनमें से गोली उनके सीने में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
महाराष्ट्र के रहने वाले थे दत्तात्रेय
मृतक हेड कांस्टेबल दत्तात्रेय महाराष्ट्र के अहिल्यानगर के रहने वाले थे और बछेली कैंप में तैनात थे। घटना की जानकारी मिलते ही उनके परिजन बछेली पहुंचे। हादसा बछेली थाना क्षेत्र में हुआ है।
शव का दंतेवाड़ा में कराया गया पोस्टमार्टम
घटना के बाद दत्तात्रेय के शव को बछेली स्थित अपोलो अस्पताल (NMDC) के शवगृह में रखा गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए दंतेवाड़ा जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
FSL जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी वजह
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल इसे राइफल की सफाई के दौरान हुआ आकस्मिक फायर बताया जा रहा है, लेकिन गोली चलने की वास्तविक परिस्थितियों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। घटनास्थल की FSL जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मामले की तस्वीर और स्पष्ट होने की बात पुलिस ने कही है।
गौरतलब है कि करीब नौ दिन पहले खैरागढ़ में भी CAF के एक जवान द्वारा अपने साथी को गोली मारने की घटना सामने आई थी। हालांकि, उस मामले में गोली चलने की वजह अलग बताई गई थी। बछेली की घटना में पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं की जांच कर रही है।














