10 और 12 साल की बच्चियां चौथी और छठवीं की छात्रा, 50-50 रुपये देकर चुप कराने का आरोप
गुंडरदेही पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को पकड़ा, पॉक्सो एक्ट में भेजा जेल
बालोद। जिले के गुंडरदेही थाना क्षेत्र में 10 और 12 साल की दो बच्चियों के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव में विश्वकर्मा पूजा और विसर्जन कार्यक्रम के दौरान 36 वर्षीय आरोपी दोनों बच्चियों को बहला-फुसलाकर साइकिल से गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर खेत में ले गया। वहां उसने दोनों के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार घटना 17 सितंबर की दोपहर की है। गांव में विश्वकर्मा विसर्जन की गतिविधियां चल रही थीं। इसी दौरान आरोपी ललित ठाकुर ने दोनों बच्चियों को 50 रुपये देने का लालच देकर अपने साथ चलने के लिए कहा। आरोप है कि उसने दोनों को साइकिल के कैरियर पर बैठाया और गमछे से बांधकर सुनसान खेत की ओर ले गया। वहां दोनों बच्चियों के साथ दुष्कर्म किया गया। वारदात के बाद आरोपी ने उन्हें 50-50 रुपये दिए और घटना के बारे में किसी को नहीं बताने के लिए कहा।
घर पहुंचकर बच्चियों ने बताई आपबीती
पीड़ित बच्चियां चौथी और छठवीं कक्षा में पढ़ती हैं। घर पहुंचने के बाद उन्होंने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इस बीच गांव के कुछ लोगों ने भी आरोपी को बच्चियों के साथ खेत की ओर जाते देखने की बात बताई। इसके बाद परिजन गुंडरदेही थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 65(2), 137(2) तथा पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। एसडीओपी श्रुति सिंह के मुताबिक आरोपी को 19 सितंबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।













