‘ऑपरेशन आघात’ के तहत तीन जगहों पर कार्रवाई, तस्करी में इस्तेमाल तीन वाहन भी जब्त
जशपुर/ रायपुर। जशपुर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 520 किलो गांजा जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, जब्त गांजे और तस्करी में इस्तेमाल तीन वाहनों की कुल कीमत करीब 3 करोड़ रुपये आंकी गई है। कार्रवाई में एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी फरार है।
पुलिस ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन स्थानों पर कार्रवाई की। कुनकुरी क्षेत्र में दो अलग-अलग मामलों में कुल 494 किलो गांजा बरामद किया गया। एक कार्रवाई में बिना नंबर की बोलेरो पिकअप से 246 किलो गांजा मिला, जबकि दूसरी कार्रवाई में किआ सेल्टोस कार से 248 किलो गांजा बरामद किया गया। पुलिस को देखकर कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
कार से 26 किलो गांजा भी बरामद
नारायणपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक अन्य वाहन की तलाशी लेकर 26 किलो गांजा बरामद किया। इस मामले में मध्यप्रदेश के शिवपुरी निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें एक महिला भी शामिल है।
प्रारंभिक पूछताछ में गांजे की खेप ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब तस्करी से जुड़े सप्लायर, खरीदार और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात पुलिस ने कही है।
हेरोइन तस्करी के मामलों में पुलिस की दबिश, करीब 92 ग्राम चिट्टा और लाखों का सामान जब्त
छत्तीसगढ़ में नशीले पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री के खिलाफ पुलिस ने दुर्ग और धमतरी जिलों में कार्रवाई करते हुए कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में पुलिस ने हेरोइन यानी चिट्टा बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान नकदी, मोबाइल फोन, वाहन और अन्य सामान भी जब्त किया गया।
दुर्ग जिले के खुर्सीपार क्षेत्र में पुलिस ने एक महिला, दो पुरुष और दो अपचारी बालकों को पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से 70.460 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 14.09 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने हेरोइन की बिक्री से प्राप्त नकदी, सोने-चांदी के जेवरात, आठ मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक तराजू सहित करीब 29.22 लाख रुपये का सामान जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी दिल्ली और हरियाणा से नशीला पदार्थ लाकर दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में खपाते थे।
धमतरी में तीन आरोपी दबोचे गए
इधर धमतरी जिले के कुरूद में पुलिस ने 21.51 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया। जब्त हेरोइन की कीमत करीब 1.02 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा नकदी, दो मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन समेत करीब 3.50 लाख रुपये का सामान बरामद किया गया। कार्रवाई कुरूद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मेघा रोड स्थित इन्वेन्चर स्कूल तिराहे के पास की।
धमतरी पुलिस के अनुसार, जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ ‘ऑपरेशन निश्चय’ चलाया जा रहा है। दोनों जिलों में की गई कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।














