‘ऑपरेशन आघात’ के तहत तीन जगहों पर कार्रवाई, तस्करी में इस्तेमाल तीन वाहन भी जब्त

जशपुर। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 520 किलो गांजा जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, जब्त गांजे और तस्करी में इस्तेमाल तीन वाहनों की कुल कीमत करीब 3 करोड़ रुपये आंकी गई है। कार्रवाई में एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी फरार है।

पुलिस ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन स्थानों पर कार्रवाई की। कुनकुरी क्षेत्र में दो अलग-अलग मामलों में कुल 494 किलो गांजा बरामद किया गया। एक कार्रवाई में बिना नंबर की बोलेरो पिकअप से 246 किलो गांजा मिला, जबकि दूसरी कार्रवाई में किआ सेल्टोस कार से 248 किलो गांजा बरामद किया गया। पुलिस को देखकर कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

कार से 26 किलो गांजा भी बरामद

नारायणपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक अन्य वाहन की तलाशी लेकर 26 किलो गांजा बरामद किया। इस मामले में मध्यप्रदेश के शिवपुरी निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें एक महिला भी शामिल है।

प्रारंभिक पूछताछ में गांजे की खेप ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब तस्करी से जुड़े सप्लायर, खरीदार और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात पुलिस ने कही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here