रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है। उनके साथ सिद्धार्थ शंभू को सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने बुधवार को देश के सभी 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों के लिए प्रभारी और सह-प्रभारियों की सूची जारी की।

स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ के साथ हरियाणा का भी प्रभारी बनाया गया है। वहीं हरीश द्विवेदी को बिहार और कर्नाटक, राम माधव को तमिलनाडु और उत्तराखंड तथा विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है।

छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश प्रभारी का पद नितिन नबीन के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद रिक्त था। अब स्मृति ईरानी की नियुक्ति के साथ इस पद पर नई जिम्मेदारी तय हो गई है। अगस्त में घोषित भाजपा की राष्ट्रीय टीम में स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री और सिद्धार्थ शंभू को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया था।

प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी में केंद्रीय नेतृत्व और राज्य संगठन के बीच समन्वय, संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा तथा पार्टी के कार्यक्रमों के संचालन से जुड़े कार्य शामिल होते हैं। नई नियुक्तियों के बाद छत्तीसगढ़ भाजपा में संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शंभू की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here