5,000 नियमित और स्वामी आत्मानंद स्कूलों में 1,812 संविदा पद होंगे शामिल

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। शासकीय विद्यालयों और स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में कुल 6,812 शिक्षकीय पदों को भरने की तैयारी है। इनमें 5,000 नियमित पदों पर सीधी भर्ती होगी, जबकि 1,812 पद स्वामी आत्मानंद स्कूलों के लिए संविदा आधार पर भरे जाएंगे।

5 हजार नियमित पदों पर सीधी भर्ती

लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार, 5,000 नियमित पदों पर भर्ती परीक्षा छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से आयोजित की जाएगी। इनमें सहायक शिक्षक के 2,292, सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) के 200, शिक्षक के 1,654 और व्याख्याता के 854 पद शामिल हैं।

इन पदों में ई-संवर्ग के 2,227 और टी-संवर्ग के 2,773 पद हैं।

तीन परीक्षाओं की तारीख तय

भर्ती प्रक्रिया के तहत तीन पदों की लिखित परीक्षाओं का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। सहायक शिक्षक की परीक्षा 11 अक्टूबर 2026, शिक्षक की 25 अक्टूबर 2026 और व्याख्याता की परीक्षा 29 नवंबर 2026 को आयोजित होगी। सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) पद के लिए परीक्षा की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है।

सहायक शिक्षक और शिक्षक पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। व्याख्याता पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन जल्द शुरू किए जाने की तैयारी है।

आत्मानंद स्कूलों में पहली बार केंद्रीकृत कंप्यूटर परीक्षा

स्कूल शिक्षा विभाग स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में 1,812 संविदा शैक्षणिक पदों पर भी भर्ती करेगा। इन पदों के लिए पहली बार केंद्रीकृत कंप्यूटर आधारित भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी।

विभाग के अनुसार, भर्ती की अधिसूचना सितंबर में जारी की जा रही है और इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया अक्टूबर से शुरू करने की तैयारी है।

सरकार का कहना है कि शासकीय और उत्कृष्ट विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता बढ़ाने तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इन पदों पर प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से भर्ती की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here