राष्ट्रपति ने कहा- शामिल होने की जरूर कोशिश करूंगी

बिलासपुर। विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा में शामिल होने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को आमंत्रित किया गया है। केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली में राष्ट्रपति से मुलाकात कर उन्हें बस्तर दशहरा में शामिल होने का न्योता दिया।

इस दौरान पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, बस्तर सांसद महेश कश्यप और पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव एस. भरतिदासन भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति को बस्तर दशहरा की विशिष्ट परंपराओं, आदिवासी संस्कृति और इसके ऐतिहासिक व सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी।

सदियों पुरानी परंपराओं से जुड़ा है बस्तर दशहरा

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि बस्तर दशहरा अपनी अनूठी रस्मों और लंबे समय तक चलने वाले आयोजनों के कारण देश-दुनिया में अलग पहचान रखता है। इन दिनों बस्तर में दशहरा की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं और पारंपरिक उत्साह के साथ आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं।

आमंत्रण पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह बस्तर दशहरा में शामिल होने की “जरूर कोशिश करेंगी।”

साहू ने कहा कि बस्तर दशहरा छत्तीसगढ़ की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, लोक आस्था और सदियों पुरानी परंपराओं का जीवंत उत्सव है। इसकी विशिष्ट परंपराएं और लंबी अवधि इसे देश-दुनिया के दूसरे दशहरा आयोजनों से अलग पहचान देती हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here