रायपुर। राजधानी रायपुर में कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा से 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी शोएब ढेबर पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस ने उसकी दोबारा गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की हैं और बुधवार को शहर के भीतर तथा बाहर कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी। रिश्तेदारों के घरों की भी जांच की गई, लेकिन अब तक शोएब का पता नहीं चला है।

विदेशी सिम से धमकी और 25 करोड़ की मांग

पुलिस जांच के मुताबिक, आरोपी पर विदेशी सिम का इस्तेमाल कर आनंद कुकरेजा के बेटे को धमकी भरे मैसेज और वाट्सऐप कॉल करने का आरोप है। इन कॉल और संदेशों में लॉरेंस बिश्नोई और अमन साव गैंग के नाम का इस्तेमाल कर डराने तथा 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने की बात सामने आई है। मामले में तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शोएब ढेबर की भूमिका की जांच की।

चार टीमें तलाश में जुटीं

पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए चार टीमें बनाई हैं। इनमें एसीपी स्तर के अधिकारी के साथ दो थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मी शामिल हैं। दो टीमें शहर से बाहर संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही हैं, जबकि अन्य टीमें रायपुर में उसके मकान और रिश्तेदारों के ठिकानों की जांच कर रही हैं। बुधवार को बैरनबाजार, शंकर नगर और फाफाडीह समेत कई स्थानों पर पुलिस ने दबिश दी।

जमानत के बाद दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति

पुलिस ने शोएब को पहले गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था, जहां उसे जमानत मिल गई। इसके बाद पुलिस ने उसकी दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति के लिए अदालत का रुख किया। पुलिस के मुताबिक, अदालत से दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति मिलने के बाद शोएब की तलाश शुरू की गई, लेकिन इस बीच उसके फरार होने की जानकारी सामने आई। उसका मोबाइल भी बंद बताया जा रहा है, जिससे लोकेशन ट्रेस करने में परेशानी हो रही है।

पुलिस अब आरोपी की तलाश के साथ रंगदारी की पूरी साजिश में शामिल अन्य लोगों और धमकी के लिए इस्तेमाल किए गए मोबाइल, सिम तथा अन्य तकनीकी माध्यमों की भी जांच कर रही है। मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here