कोरिया। पटना-पंडोपारा मार्ग पर शुक्रवार रात संवरावा गांव के पास तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से ऑटो सवार तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि छह महिलाएं घायल हो गईं। हादसा पटना थाना क्षेत्र में हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
दशगात्र कार्यक्रम से लौट रहे थे ग्रामीण
बताया गया कि पटना थाना क्षेत्र के करहिपारा छिंदिया गांव के ग्रामीण बिलारो गांव में आयोजित दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे ऑटो से वापस अपने गांव लौट रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक ऑटो में करीब 15 लोग सवार थे।
संवरावा गांव के पास तेज रफ्तार पिकअप ने पहले सड़क पर मौजूद एक बैल को टक्कर मारी। बैल की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद पिकअप अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ऑटो से जा भिड़ा।
अस्पताल पहुंचने पर तीन महिलाओं को मृत घोषित किया
टक्कर के बाद ऑटो में चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ऑटो में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने तीन महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। छह घायल महिलाओं का उपचार जारी है।
मृतकों की पहचान करहिपारा छिंदिया निवासी फूलकुंवर, पति महेंद्र सिंह, रंबाई, पति रामकुमार और फूलकुंवर, पति जगजीवन के रूप में हुई है। उनकी उम्र क्रमश: 50, 60 और 60 वर्ष बताई गई है। हालांकि उम्र को लेकर प्रारंभिक जानकारी में अंतर सामने आया है। अंतिम पुष्टि पुलिस और प्रशासनिक रिकॉर्ड से होगी। तीनों शवों को पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मर्च्युरी में रखा गया है।
पिकअप चालक की तलाश
पटना पुलिस ने फरार चालक और पिकअप की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद होगी। पटना थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि मामले की जांच जारी है और फरार वाहन चालक का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।














