विरोध करने पर नौकरी से हटाने की धमकी देने का दावा, रेल मंत्री और महिला आयोग से शिकायत

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर क्षेत्र में कार्यरत एक महिला कर्मचारी ने रेलवे अधिकारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि अधिकारी उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाल रहा था। विरोध करने पर उसे नौकरी से निकालने की धमकी भी दी गई। मामले में महिला ने रेल मंत्री, महिला आयोग और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।

प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से कर रही थी काम

शिकायत के अनुसार, महिला प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से रेलवे के निर्माण विभाग में काम करती है। उसने संबंधित अधिकारी पर अपने पद का कथित दुरुपयोग करते हुए अनुचित मांग करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि जब उसने इसका विरोध किया, तो उसे नौकरी से हटाने की धमकी दी गई।

कई स्तरों पर शिकायत, कार्रवाई की मांग

महिला ने अपनी शिकायत में अपनी सुरक्षा और सम्मान का मुद्दा उठाते हुए संबंधित अधिकारी के खिलाफ जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है। उसने रेल मंत्री, महिला आयोग और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन का दरवाजा खटखटाया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत को जांच के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग के संबंधित अधिकारी के पास भेजा गया है। शिकायत पर कार्रवाई की प्रक्रिया जारी बताई गई है।

जांच के बाद स्पष्ट होगी स्थिति

मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और संबंधित अधिकारी का पक्ष सामने आना अभी बाकी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here