शादी का झांसा देकर साथ रखा, गर्भपात कराया, स्टेशन पर छोड़कर फरार हुआ
बिलासपुर। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले की रहने वाली 27 वर्षीय युवती ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और बाद में छोड़कर भाग जाने का आरोप लगाते हुए बिलासपुर के तारबाहर थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए दुष्कर्म का अपराध पंजीबद्ध किया है।
फोन कॉल से हुआ संपर्क, वाराणसी बुलाकर बनाया शिकार
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि जनवरी 2024 में उसके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को ऋषभ कुमार सिंह बताया, जो वाराणसी जिले के खोचवा गांव का निवासी है। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और करीब 20 दिन बाद युवक ने युवती को वाराणसी बुलाया। वहां हैदराबाद गेट के पास एक मकान में उसने युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए।
पुलिस भर्ती की तैयारी के दौरान साथ रहे
युवती पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही थी, जिसके चलते वह वाराणसी में रहने लगी। इस दौरान आरोपी भी उसके साथ रहा। कुछ समय बाद युवती गर्भवती हो गई। आरोप है कि जानकारी मिलने पर युवक ने जबरन उसका गर्भपात करा दिया।
रेलवे में नौकरी, प्रशिक्षण के नाम पर बुलाया
इस बीच युवक को रेलवे में टेलीकॉम टेक्नीशियन की नौकरी मिल गई। नवंबर 2025 में वह प्रशिक्षण के लिए बिलासपुर आया और शक्ति स्टेशन के पास कमरा किराए पर लिया। उसने युवती को यह कहकर बुलाया कि उसका प्रशिक्षण रायगढ़ में चल रहा है। आठ–नौ दिन तक साथ रखने के बाद उसने चंडीगढ़ में प्रशिक्षण होने का बहाना बनाकर युवती को वापस भेज दिया।
सच जानने के बाद बिलासपुर पहुंची युवती
21 जनवरी को युवती सीधे रायगढ़ पहुंची, जहां पूछताछ में पता चला कि आरोपी का प्रशिक्षण वास्तव में बिलासपुर में चल रहा है। जब वह बिलासपुर रेलवे कार्यालय पहुंची तो वहां कर्मचारियों ने आरोपी को पहचानने से इनकार कर दिया। कुछ समय बाद आरोपी वहां आया और युवती को पुराने बस स्टैंड के पास एक लॉज ले गया।
लॉज में छोड़कर फरार हुआ आरोपी
आरोप है कि आरोपी ने युवती को पहले एक और फिर अग्रसेन चौक के पास दूसरे लॉज में ठहराया। कुछ समय बाद वह युवती को वहीं छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद पीड़िता ने तारबाहर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
प्रकरण वाराणसी भेजा जाएगा
तारबाहर थाना प्रभारी रविंद्र अनंत ने बताया कि महिला से जुड़ा मामला होने के कारण तत्काल एफआईआर दर्ज की गई है। घटना वाराणसी से संबंधित होने के चलते केस डायरी वाराणसी पुलिस को भेजी जाएगी। आगे की जांच वहीं की जाएगी। फिलहाल युवती को परिजनों के साथ घर जाने की सलाह दी गई है।













