बिलासपुर। पत्रकार कॉलोनी विकास समिति के तत्वावधान में मंगलवार 8 अक्टूबर की संध्या पत्रकार कॉलोनी गार्डन में भजन संध्या एवं जसगीत का आयोजन किया गया। जिसमें सुप्रसिद्ध राधा कृष्ण भजन मंडली सरकंडा और अंबे लहरी मंडली जूना बिलासपुर की ओर से माता के भजनों की प्रस्तुति दी गई।
पत्रकार कॉलोनी, स्वर्ण जयंती नगर, परिजात एक्सटेंशन व कस्तूरबा नगर के सदस्यों ने इसमें परिवार सहित शामिल होकर रात 10.30 बजे तक भक्ति गीतों का आनंद उठाया। पहली बार यह आयोजन किया गया, जिसकी तैयारी अस्थायी समिति के सचिव रमन दुबे, कोषाध्यक्ष बृजेश शर्मा व वरिष्ठ सदस्य राजेश दुआ ने की। कार्यक्रम की पहल वरिष्ठ सदस्य केशव शुक्ला ने की थी। अध्यक्ष रामाधार देवांगन ने सभी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।













