रायपुर। छत्तीसगढ़ ने नवा रायपुर के अटल नगर में देश का पहला अत्याधुनिक स्मार्ट पंजीयन कार्यालय शुरू किया। मंगलवार को उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने इस कार्यालय का शुभारंभ किया। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल और स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव भी उपस्थित रहे।

नए स्मार्ट पंजीयन कार्यालय का उद्देश्य नागरिकों को एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं के साथ तेज, पारदर्शी और आरामदायक रजिस्ट्री सेवा उपलब्ध कराना है। अब किसी मकान, दुकान या जमीन की रजिस्ट्री 15 से 20 मिनट में पूरी होगी।

आधुनिक सुविधाओं से सजेगा रजिस्ट्री का अनुभव
कार्यालय में एयरकंडीशन हॉल, क्यू-मैनेजमेंट सिस्टम, डिजिटल डिस्प्ले, हेल्पडेस्क, मुफ्त वाई-फाई, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, स्वच्छ पेयजल और आधुनिक वाशरूम जैसी सुविधाएँ नागरिकों को मिलेंगी। कैशलेस भुगतान और ऑनलाइन अपडेट से प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी बनेगी। रायपुर की वीणा देवांगन ने उद्घाटन अवसर पर सेल डीड कराई और कैशलेस भुगतान कर इसका प्रदर्शन किया।

117 पंजीयन कार्यालय होंगे स्मार्ट
सरकार का लक्ष्य अगले एक वर्ष में प्रदेश के सभी 117 पंजीयन कार्यालयों को स्मार्ट सुविधा से लैस करने का है। पहले चरण में 10 कार्यालय विकसित किए जा रहे हैं। नवा रायपुर का कार्यालय सबसे पहले तैयार होकर जनता को समर्पित किया गया है।

नागरिक सेवाओं में नया मॉडल बनेगा छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि पर कहा कि स्मार्ट पंजीयन कार्यालय सुशासन और नागरिक सुविधा के नए युग की शुरुआत है। यह पहल छत्तीसगढ़ को एक कल्याणकारी राज्य के रूप में और अधिक सशक्त बनाएगी। उप मुख्यमंत्रियों ने इस पहल को छत्तीसगढ़ ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए आदर्श बताया।

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि नागरिक सेवाएँ सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं और स्मार्ट पंजीयन कार्यालय इसी दिशा में बड़ा कदम है। यह नागरिकों को सहजता, पारदर्शिता और विश्वास दिलाते हुए सुशासन की नई पहचान बनाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here