कोरबा। जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र में एक विवाह समारोह के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। दूल्हे की कार अनियंत्रित होकर डीजे वाहन से टकरा गई, जिसमें डेढ़ साल के मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। मृत बच्चा दूल्हे की ही गोद में बैठा था। घटना के बाद शादी का माहौल गहरे शोक में डूब गया।

स्टंट बना हादसे की वजह

घटना गुरुवार देर रात चिमनीभठा स्थित शारदा विहार के पास की है। बारात अंबिकापुर जिले के उदयपुर से आई थी और कार्यक्रम नगर निगम के सामुदायिक भवन में रखा गया था। शादी समारोह के दौरान दूल्हे की कार उसके जीजा नीलेश तिवारी चला रहे थे। बताया गया कि नीलेश ने स्टंट करने के प्रयास में तेज गति से कार चलाते हुए अचानक ब्रेक लगाया, जिससे कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे डीजे वाहन से जा भिड़ी।

मासूम की दर्दनाक मौत, जीजा घायल

हादसे में कार में बैठे हरिओम तिवारी (1.5 वर्ष) के ऊपर डीजे वाहन का एक हिस्सा गिर गया। सिर में गंभीर चोट आने और कांच के टुकड़ों से घायल होने के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, कार चला रहे नीलेश तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

गुस्से में परिजन, तनाव का माहौल

मासूम की मौत के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गुस्साए लोगों ने नीलेश तिवारी की पिटाई कर दी। शादी समारोह में भारी तनाव का माहौल बन गया। यहां तक कि दूल्हा ने इस घटना के बाद शादी करने से मना कर दिया। हालांकि, लड़की पक्ष के समझाने और स्थानीय लोगों की मध्यस्थता के बाद शादी की रस्में पूरी की गईं।

मासूम था इकलौता बेटा

मृत बच्चा हरिओम, नीलेश तिवारी का इकलौता बेटा था। नीलेश मध्य प्रदेश के सागर जिले के निवासी हैं और ससुराल सूरजपुर में शादी समारोह में शामिल होने आए थे।

पुलिस जांच जारी

हादसे की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया और नीलेश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस के अनुसार, इस घटना में प्रथम दृष्टया जिम्मेदार दूल्हे के पिता को बनाया गया है। मामले की जांच जारी है और अगली कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here