बिलासपुर। शहर के पर्यावरण तथा अरपा नदी के संरक्षण के लिए चिंतित विभिन्न संगठनों ने आज विश्व पर्यावरण दिवस पर रैली, मानव श्रृंखला, गीत-संगीत और श्रमदान के जरिये अपनी अभिव्यक्ति दी, जिसमें सैकड़ों लोग शामिल हुए। इस मौके पर श्रमदान व पौधारोपण भी किया गया।

बिलासपुर का तापमान प्रदेश में सर्वाधिक होता है। पिछले साल यहां तापमान 49.3 डिग्री सेल्सियस तक चला गया था। बीते वर्षों में शहर के भीतर और हाईवे में विकास के नाम करीब 24 हजार पेड़ों को काटा गया है। अरपा नदी बारिश के कुछ दिनों को छोड़कर पूरे साल सूखी रहती है। शहर के तीन चौथाई हिस्से में भू-जल स्तर नीचे चले जाने के कारण पेयजल संकट की स्थिति बनी हुई है।

इन सब को लेकर चिंतित नागरिक अलग-अलग समूहों में घरों से निकले। आक्सी जन समूह की ओर से एक रैली सुबह 6 बजे निकाली गई, जो पांच किलोमीटर पैदल चलते हुए प्रमुख मार्गों से होते हुए अरपा रिवर व्यू तक पहुंची। यहां पर नेचर क्लब व अन्य संगठनों के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे। वे स्लोगन, पोस्टर बैनर नारों , कविता, गीत-संगीत के जरिये पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहे थे। सबने मानव श्रृंखला बनाई और अरपा नदी तथा बिलासपुर के पर्यावरण की सुरक्षा का संकल्प लिया।

नेचर क्लब ने अरपा नदी में जमा गाद (सिल्ट) निकालने का कार्यक्रम रखा। इसमें शहर के लोगों ने बड़ी संख्या में उपस्थिति दर्ज कराते हुए श्रमदान किया। बाद में मशीनों के जरिये भी अरपा नदी में जमा मिट्टी हटाई गई।

अरपा किनारे तिरंगे झंडे के नीचे रिवर व्यू पर सबेरे छःबजे से ही भारी चहल पहल थी. चारों तरफ बच्चे ,युवा ,बुजुर्गों और महिलाओं का मेला लगा था.सब अपने अपने तरीकों से अरपा नदी के संवर्धन की बात कर रहे थे. नेचर क्लब की पहल पर मानों सारा शहर उमड़ पड़ा हो. नगर विधायक से लेकर स्कूली छात्रों, एन एस एस के युवा, पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित संगठन ऑक्सी जन समूह की प्रभावशाली रैली ,पत्रकार ,सामाजिक संगठन ,सामाजिक कार्यकर्ता ,राजनैतिक दलों के लोग ,प्रशासकीय अधिकारी भी बड़ी संख्या में उपस्थित थे.

अरपा के लिये चिंता करने वाले समूह ने विभिन्न गतिविधियां की .किसी ने कविता पढी तो किसी ने गीत गाये बच्चों ने पेंटिंग्स बनाई तो कुछ विद्वानों ने पर्यावरण के महत्व पर प्रकाश डाला .
लगभग दो घंटे के आयोजन के पश्चात अरपा के दोनों किनारों को जोड़ते हुए मानवश्रृंखला बनाई गई, जो अरपा व्यू से प्रारंभ होकर पुल तक गई. प्रतिभागियों ने नदी के बीच जाकर गाद निकालने का भी काम किया और यह भी तय किया कि प्रतिदिन सुबह आकर अरपा में जाकर गाद निकालने का काम किया जायेगा.
कार्यक्रम आरंभ में विधायक शैलेष पांडेय ने शहर के गिरते जलस्तर की ओर इशारा किया कि आज आवश्यकता है कि शहरवासी एकजुट होकर इस तरह का प्रयास करें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सी.ई.ओ. रीतेश अग्रवाल ने बताया कि प्रशासन की तरफ़ से ग्यारह जून से तेरह जून तक अरपा के तट पर वृक्षारोपण का कार्यक्रम रखा गया है। लायंस क्लब से प्रीतिपाल सिंह बाली ने बिलासपुर वासियों का आह्वान किया कि अधिक से अधिक संख्या में इस आयोजन से जुड़ें.बेलतरा विधायक रजनीश सिंह ने भी जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि अरपा को फिर से लबालब देखना हम सब का सपना अवश्य साकार होगा.ऑक्सी..जन संस्था के डा.देविंदर सिंह ने कहा कि अरपा की गाद हटाना आज की तारीख में सबसे आवश्यक काम है जो नेचर क्लब ने आरंभ किया है.
नेचर क्लब बिलासपुर के आह्वान पर आयोजित “अरपा को बहने दो.”आंदोलन का उद्देश्य अरपा को पुनः जीवित करने हेतु सर्वप्रथम इसकी गाद हटाने का है। क्लब के प्रथमेश ने मॉडल की सहायता से लोगों का आह्वान किया कि रेत के उत्खनन पर नियंत्रण से कुछ हद तक अरपा को बचाया जा सकता है।
नेचर क्लब के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में गीत-संगीत, कविताओं और चित्रकला के माध्यम से जल,जंगल और ज़मीन के प्रति लोगों ने अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। लेट्ज़ प्ले स्कूल फार अनस्कूलिंग निसर्ग नीड़ की सविता प्रथमेश ने कार्यक्रम का संचालन किया। अरपा को बहने दो आंदोलन में ऑक्सी जन संस्था, लायंस इंटरनेशनल एवं लायनेस की सभी शाखाएं, विवेकानंद केंद्र, देहली आई.ए.एस.एकेडमी, इंजीनियर एसोसिएशन बिलासपुर, ज़ज्बा, विभिन्न महाविद्यालयों के एन.एस.एस.के स्वयंसेवक और अनेक स्वयं सेवी संस्थाओं ने भाग लिया. कार्यक्रम में प्रमुख रुप से महापौर किशोर राय, नंद कश्यप, डा.लाखन सिंह, नवल शर्मा, अरविंद दीक्षित, चंद्रप्रकाश एवं चंद्रप्रदीप बाजपेयी, विवेक बाजपेयी, ज्योत्सना स्वर्णकार, रीमा दत्ता, शुभा सिंह, आर.आर सोमावार, विक्रम दिवान, देवाशीष घटक, रवि सिंग, शुभम साहू, डॉक्टर मनीष बुधिया, डॉक्टर मोटवानी, पंकज मिश्रा, अपूर्वा कौशिक, मोना केवट, रेखा गुल्ला, चुन्नी मौर्य, अनीता गुप्ता, सत्यभामा अवस्थी, मेघा मिश्रा,भागवत साहू, हेमंत दुबे, आशुतोष साहू, आशुतोष शुक्ला और शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।














