बिलासपुर। बिल्हा थाने के बरतोरी गांव के बाजार चौक पर एक दर्दनाक घटना में, चिन्टू उर्फ मनोज कौशिक ने रामावतार कौशिक पर हसिया से प्राणघातक हमला कर हत्या कर दी। यह घटना 19 जुलाई को शाम 4:30 बजे हुई। इधर एक दूसरे मामले में मस्तूरी पुलिस ने प्राणघातक हमले के आरोपी को 10 दिन बाद गिरफ्तार करने में सफलता पाई है।
रामावतार कौशिक, जो बिलासपुर के यदुनंदननगर में रहते हैं और पेशे से कारपेंटर हैं, ने अपनी पुलिस रिपोर्ट में बताया कि उनके गांव बरतोरी में उनके माता-पिता रहते थे। भूपेंद्र कौशिक द्वारा उनके घर के रास्ते पर अवैध कब्जा करने के कारण पहले से विवाद चल रहा था। यह मामला तहसील न्यायालय बिल्हा में था। तहसीलदार ने हाल ही में भूपेंद्र कौशिक के कब्जे को तोड़ा था।
तहसीलदार की कार्रवाई के बाद से ही भूपेंद्र कौशिक का बेटा चिन्टू उर्फ मनोज कौशिक रामावतार के पिता को धमका रहा था कि वह उन्हें रास्ते में चलने नहीं देगा।
वारदात 19 जुलाई की शाम को बरतोरी बाजार चौक में मयंक वाइंडिंग दुकान के सामने हुई। रामावतार को गांव के दथरथ कौशिक ने फोन करके बताया कि चिन्टू ने उनके पिता पर हसिया से हमला कर दिया है। जब रामावतार मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने अपने पिता को मृत अवस्था में पाया। उनके गले, दाढ़ी के नीचे, कानों के पास, सिर, बांए हाथ की कलाई और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें थीं और वे खून से लथपथ थे।
घटना को आसपास के दुकानदार संतोष जायसवाल, तिवारी जायसवाल, पुरुषोत्तम कौशिक और वर्मा ऑटो पार्ट्स वाले ने देखा। रामावतार की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। धारा 103 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी चिन्टू उर्फ मनोज कौशिक की खोजबीन में जुटी है।
मस्तूरी में हत्या का प्रयास, फरार आरोपी गिरफ्तार
मामूली विवाद में प्राणघातक हमला करने वाले आरोपी धन लाल ऊर्फ धनी राम साहू (उम्र 53 वर्ष) को बिलासपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अर्चना झा और उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) उदयन बेहार के मार्गदर्शन में की गई।
प्रार्थी रवि शंकर बरगाह (उम्र 30 वर्ष) ने मस्तूरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 9 जुलाईकी रात को आरोपी धन लाल साहू को तालाब में शौच करने से मना करने पर, आरोपी ने अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने अपने पास रखे धारदार टंगिया से रवि शंकर के कंधे पर जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना के बाद पुलिस ने प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
घटना के बाद से ही आरोपी फरार था। पतासाजी के दौरान सूचना मिली कि आरोपी धन लाल साहू अपना सामान लेकर ऑटो से भागने की तैयारी में था। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी का पीछा किया और घेराबंदी कर उसे पकड़ा। आरोपी से घटना में प्रयुक्त टंगिया भी जप्त कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया।
मस्तूरी थाना प्रभारी अवनीश पासवान, प्रधान आरक्षक सूरज तिवारी, आरक्षक प्रेम बंजारे, मिथलेश सोनवानी, देव सहाय जायसवाल और थाना स्टाफ की इस मामले में सक्रिय भूमिका रही।