कोंडागांव। जिले के फरसगांव ब्लॉक के बड़ेडोंगर थाना क्षेत्र के मोहपाल गांव के सरपंच मंगल सिंह मरकाम की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, पुरानी रंजिश के चलते हत्या की साजिश रची गई थी। मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
जंगल में घात लगाकर किया हमला
पुलिस के मुताबिक, सरपंच के परिवार की एक महिला से प्रेम प्रसंग की चर्चा को लेकर आरोपियों के परिवार और मंगल सिंह मरकाम के बीच पहले से विवाद था। इसी रंजिश के चलते मिट्ठू राम नेताम, श्रवण कुमार नेताम, अमित कुमार नेताम, लखन नेताम, नब्बू वट्टी, राकेश मंडावी और प्रभु लाल नेताम ने कथित तौर पर हत्या की योजना बनाई।
29 सितंबर की रात सरपंच के गांव आने की जानकारी मिलने पर आरोपी पड़ाड़ी मार्ग और नदी किनारे जंगल में घात लगाकर बैठ गए। मंगल सिंह के वहां पहुंचने पर उन्हें पकड़कर हाथ बांध दिए गए और डंडे, चप्पल तथा लोहे की रॉड से मारपीट की गई। पुलिस के अनुसार, गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई।
शव को घटनास्थल से दूर ले गए
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने सरपंच के हाथ-पैर बांधकर उन्हें घटनास्थल से करीब 60 मीटर दूर ले जाकर कंबल से ढक दिया। इसके बाद आरोपी सड़क किनारे आग जलाकर रातभर वहां मौजूद रहे और सुबह करीब 5 से 5:30 बजे के बीच मौके से चले गए।
सुबह परिजनों को मंगल सिंह घायल अवस्था में मिले। उन्हें फरसगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इससे पहले 30 सितंबर को उनकी मौत संदिग्ध परिस्थितियों में होने की सूचना सामने आई थी और परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी।
हत्या में इस्तेमाल डंडा और रॉड बरामद
बड़ेडोंगर पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 103(1), 191(2) और 61(2)(क) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी मिट्ठू राम नेताम के मेमोरेंडम कथन के आधार पर हत्या में इस्तेमाल डंडा और लोहे की रॉड बरामद करने की जानकारी दी है। सभी सात आरोपी मोहपाल गांव के निवासी बताए गए हैं और उन्हें 1 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया।














