रायपुर। नया रायपुर के मंत्रालय (महानदी भवन) में आज शाम मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिनमें शहीद पुलिस अधिकारी की पत्नी को सम्मानजनक नियुक्ति सबसे चर्चित रही।

शहीद के बलिदान को सलाम

सुकमा जिले में 9 जून 2025 को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बम विस्फोट में शहीद हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आकाश राव गिरेपुंजे के अदम्य साहस को सम्मान देते हुए कैबिनेट ने उनकी पत्नी श्रीमती स्नेहा गिरेपुंजे को राज्य पुलिस सेवा में उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) के पद पर नियुक्ति को मंजूरी दी। यह फैसला शहीद परिवार के प्रति सरकार की संवेदनशीलता और सम्मान का प्रतीक है।

सौर ऊर्जा को बढ़ावा

कैबिनेट ने राज्य की सौर ऊर्जा नीति में संशोधन को भी हरी झंडी दी। नई नीति 2030 तक लागू रहेगी और सौर ऊर्जा परियोजनाओं को प्राथमिकता उद्योग का दर्जा दिया जाएगा। निवेशकों को ब्याज सब्सिडी, जीएसटी में छूट, बिजली शुल्क में रियायत और भूमि अधिग्रहण में विशेष छूट जैसे कई लाभ मिलेंगे।

पीएससी अध्यक्ष की नियुक्ति

बैठक में सुश्री रीता शांडिल्य को छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की नई अध्यक्ष नियुक्त करने का प्रस्ताव भी स्वीकृत किया गया। वह वर्तमान में आयोग की सदस्य और कार्यवाहक अध्यक्ष हैं।

वरिष्ठ पत्रकारों को दो गुना सम्मान

वरिष्ठ पत्रकारों के लिए सम्मान निधि को दोगुना करने का फैसला भी लिया गया। अब सेवानिवृत्त पत्रकारों को प्रतिमाह 10,000 रुपये के बजाय 20,000 रुपये की सम्मान निधि मिलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here