बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र से एक डिजिटल ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां मोपका पाटलीपुत्र कॉलोनी निवासी रिटायर्ड एसईसीएल कर्मचारी पुरुषोत्तम दुबे को ठगों ने सीबीआई अफसर बनकर झांसे में लिया और तीन महीने में उनसे 1 करोड़ 9 लाख रुपये ठग लिए।
जनवरी से मार्च तक ठगों ने बुजुर्ग को लगातार दबाव में रखा। उन्होंने खुद को सीबीआई अधिकारी बताते हुए जालसाजों ने उन पर नौकरी के दौरान गड़बड़ी के आरोप लगाए और वीडियो कॉल पर पूछताछ की। इसके बाद जांच से बचाने के नाम पर उन्हें डिजिटल अरेस्ट में रखकर पैसे ट्रांसफर कराने लगे। डर के माहौल में वृद्ध ने बार-बार रकम भेजी और किसी से कुछ कहने की हिम्मत नहीं जुटा पाए।
ठगों ने धमकी दी थी कि अगर उन्होंने किसी को बताया तो गंभीर नतीजे भुगतने होंगे। बेटे के विदेश में होने की वजह से पीड़ित अकेले पड़ गए और लगातार दबाव में रकम ठगों के खाते में भेजते रहे।
आखिरकार अगस्त में जब उनका बेटा घर लौटा, तब पीड़ित पिता ने सारी बात बताई। बेटे ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। सरकंडा थाना प्रभारी नीलेश पांडेय ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।













