रायपुर। नव-निर्वाचित नगर निकाय जनप्रतिनिधियों के लिए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय जागरूकता सह कार्यशाला “नगर सुराज संगम” का शुभारंभ आज उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने किया। पहले दिन प्रदेश के सभी नगर निगमों के महापौर, सभापति, एमआईसी सदस्य और वरिष्ठ अभियंताओं ने अपने-अपने निकायों के आगामी पांच वर्षों के कार्ययोजना पर मंथन किया।

उपमुख्यमंत्री साव ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा, “आपको आपका शहर बहुत कुछ देता है—सम्मान, पहचान, संस्कृति—अब वक्त है कि आप अपने शहर को कुछ लौटाएं।” उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को ऐसा कार्य करना चाहिए जो यादगार हो, शहर की दिशा और दशा दोनों बदल दे और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं दे।

सुनियोजित विकास का रोडमैप साझा किया

उपमुख्यमंत्री साव ने पावर पॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से देश-विदेश के नवाचारों की जानकारी दी और बताया कि कैसे स्थानीय स्वशासी संस्थाएं संसाधनों के बेहतर उपयोग और नागरिक सुविधाओं को बढ़ाने की दिशा में कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि “राज्य की छवि आपके शहरों से बनती है। अतः विकास की प्रभावी कार्ययोजना बनाएं और उसे चरणबद्ध तरीके से लागू करें।”

उन्होंने बताया कि यह दो दिवसीय संगम जनप्रतिनिधियों को उनकी भूमिका और जिम्मेदारियों को समझाने, योजनाओं से अवगत कराने और भविष्य की कार्ययोजना तैयार करने का मंच है।

अधिकारियों ने दी योजनाओं की जानकारी

कार्यशाला में नगरीय प्रशासन सचिव डॉ. बसवराजू एस. ने कहा कि यह संगम केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं, अधिनियमों और नगरीय विकास के प्रावधानों की जानकारी देने के लिए आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह संवादात्मक मंच है जहाँ जनप्रतिनिधि अपने सवालों के समाधान पा सकते हैं।

इस अवसर पर नगरीय प्रशासन विभाग के निदेशक आर. एक्का और सूडॉ (SUDA) के सीईओ शशांक पांडे भी उपस्थित रहे।

गाइड बुकलेट का विमोचन

कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में उपमुख्यमंत्री साव ने नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा तैयार ‘गाइड बुकलेट’ का विमोचन किया। इस पुस्तिका में विभाग से जुड़ी मूलभूत जानकारियों के साथ केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं और विभागीय उपलब्धियों का विवरण दिया गया है।

पहले दिन अपर निदेशक पुलक भट्टाचार्य ने नगरीय प्रशासन से जुड़े अधिनियमों और योजनाओं की जानकारी दी, जबकि सूडॉ के अपर मुख्य कार्यपालन अधिकारी दुश्यंत कुमार रायस्त ने सूडॉ की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

दूसरे दिन नगर पंचायतों के अध्यक्षों को मिलेगा प्रशिक्षण

कार्यशाला के दूसरे दिन यानी 6 मई को प्रदेश के सभी नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के नव-निर्वाचित अध्यक्षों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। उनके लिए भी आगामी पांच वर्षों की विकास कार्ययोजना पर मंथन किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री ने सभी निकाय प्रमुखों को पत्र लिखकर इस कार्यशाला में सहभागिता का आह्वान किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here