बिलासपुर। भुवनेश्वर में आयोजित 24वें जियोमाइनटेक सिम्पोज़ियम में एक्सीलेंस अवार्ड्स अंतर्गत कोयला खनन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सीएमडी डॉ प्रेम सागर मिश्रा को बेस्ट सीईओ का अवार्ड मिला है।
सीएमडी डॉ मिश्रा के नेतृत्व में एसईसीएल ने कोयला उत्पादन में पिछले वर्ष दर्ज 25 मिलियन टन की रिकॉर्ड बढ़ोतरी के ऊपर वित्त वर्ष 23-24 में 20 मिलियन टन की बढ़ोतरी हासिल की है।
डॉ मिश्रा के नेतृत्व में कंपनी में कई मिशनों की शुरुआत की गई है। इनमें स्किल डेवलपमेंट के लिए मिशन नचिकेता, सतत धारणीय विकास के लिए मिशन सुदेश, सुरक्षा के लिए मिशन मितवा एवं सतर्कता एवं पारदर्शिता के लिए मिशन फाइट एवम मिशन जटायु शामिल है। इन्हें पूरे कोयला उद्योग में सराहना मिली।
उक्त समारोह में उत्पादन, पर्यावरण संवर्धन, एचआर एक्सीलेंस, स्वच्छ भारत अभियान तथा आपदा प्रबंधन में कुशल प्रदर्शन, मशीनों के रखरखाव की व्यवस्था, सीएसआर कार्य तथा सेफ्टी आदि मानकों पर बेहतर कार्य निष्पादन के लिए एसईसीएल को गोल्डन रेनबो अवार्ड भी प्रदान किया गया है।
एसईसीएल निदेशक मण्डल ने सीएमडी डॉ मिश्रा से भेंट कर समारोह के दौरान मिले अवार्ड को सौंपते हुए बधाई दी।