बिलासपुर। तखतपुर थाना क्षेत्र के परसाकापा गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक वारदात हुई। गांव के पाठ बाबा मंदिर के पुजारी जागेश्वर पाठक उर्फ मोटू (30 वर्ष), पुत्र राजकुमार पाठक की अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हत्या कर दी।
घटना का खुलासा सुबह 6 बजे हुआ, जब पुजारी की मां रोज़ाना की तरह चाय लेकर मंदिर पहुंची। वहां बेटे का शव खून से लथपथ पड़ा देख वह चिल्लाने लगीं। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी अनिल अग्रवाल और एसडीओपी नूपुर उपाध्याय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए।
पुजारी के शरीर पर कई जगह गंभीर चोट के निशान मिले हैं। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि चोर चोरी करने मंदिर में घुसे थे, और विरोध करने पर पुजारी की हत्या कर दी। घटनास्थल पर हमलावरों की चप्पलें मिली हैं और पुजारी का मोबाइल फोन भी गायब है।
गांव में रहने वाला जागेश्वर पाठक मंदिर में ही रहता था और वहीं पूजा-पाठ का काम करता था। अचानक हुई इस हत्या से पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। (रिपोर्ट- टेकचंद कारड़ा)













