बिलासपुर। रतनपुर थाना पुलिस ने बारीडीह गांव में मवेशियों को कुचलकर मारने वाले ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की टेक्निकल टीम ने अथक प्रयास से घटना में शामिल ट्रेलर को मनेन्द्रगढ़ से ज़ब्त किया।
14 जुलाई को हुई थी दुर्घटना
14 जुलाई 2025 की आधी रात, एक अज्ञात ट्रेलर चालक ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए सड़क पर बैठे मवेशियों को कुचल दिया। हादसे में 13 मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई और 4 घायल हो गए। घटना के बाद मवेशी मालिक और वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर वाहन की तलाश शुरू की गई।
सीसीटीवी में हजारों वाहन खंगाले
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (IPS) के निर्देश पर रतनपुर पुलिस की टेक्निकल टीम ने दिन-रात लगकर हजारों वाहनों की जांच की। रास्ते में लगे हर सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया। जांच से पता चला कि ट्रेलर मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी इलाके का है। इसके बाद टीम ने आरोपी चालक रविकांत महरा (43 वर्ष, निवासी लोहसरा बिजुरी, जिला अनुपपुर, म.प्र.) को पकड़कर ट्रेलर (CG 15EE 2220) ज़ब्त कर लिया।
एसएसपी की अपील
एसएसपी ने लोगों से अपील की है कि मवेशियों को आवारा न छोड़ें। बीएनएस की धारा 291 के तहत लापरवाह पशु मालिकों पर भी एफआईआर दर्ज करने का प्रावधान है, और भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।













