बिलासपुर। कोनी से मोपका तक की जर्जर हो चुकी बायपास सड़क अब नए रूप में बनेगी। छत्तीसगढ़ सरकार ने इस सड़क के पुनर्निर्माण के लिए 59 करोड़ 55 लाख रुपए की मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव के नेतृत्व में इस परियोजना को प्राथमिकता दी गई है।
करीब 14 किलोमीटर लंबी इस सड़क पर एनटीपीसी सीपत, कोलवाशरी, स्पंज आयरन प्लांट और अन्य औद्योगिक इकाइयों के भारी वाहन चलते हैं। साथ ही शहरी क्षेत्र के ट्रैफिक का भी भारी दबाव रहता है। इसी कारण यह सड़क कई सालों से बुरी तरह टूट चुकी थी। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों की मांग पर अब इसका पुनर्निर्माण तय किया गया है।
लोक निर्माण विभाग ने यह स्वीकृति वर्ष 2025-26 के बजट के अंतर्गत दी है। विभाग ने निर्माण कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही तय समय में गुणवत्तापूर्ण काम पूरा करने को कहा गया है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अफसरों को चेतावनी दी है कि काम में किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं होगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस सड़क के बन जाने से औद्योगिक क्षेत्रों की आवाजाही बेहतर होगी और शहर को भी भारी ट्रैफिक से राहत मिलेगी। लोक निर्माण विभाग जल्दी ही ठेकेदार को आदेश जारी कर निर्माण कार्य शुरू करेगा।













