हथियार, कारतूस और लूटा गया जेवर बरामद, झारखंड से बुलाए गए शूटरों की तलाश जारी

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही कोटमीकला साप्ताहिक हाट बाजार में सराफा व्यापारी प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर लूटने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस अंधे कत्ल और लूटकांड में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा, जिंदा कारतूस, लूटा गया जेवर और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

मालूम हो कि 26 मई 2026 को कोटमीकला हाट बाजार में सराफा व्यापारी प्रदीप सोनी पर लूट के दौरान गोली चलाई गई थी। गंभीर रूप से घायल प्रदीप सोनी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। घटना के बाद आरोपी सोने-चांदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए थे।

घटना की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग स्वयं घटनास्थल पहुंचे थे और सभी जिलों की पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष निर्देश दिए थे। इसके बाद विभिन्न जिलों की संयुक्त टीमों का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन, साइबर विश्लेषण और मुखबिरों से मिली सूचनाओं के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।

जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी खुशीराम साहू, निवासी बिटकुला, बिलासपुर (सीपत थाना क्षेत्र), ने अपने भतीजे राजाराम साहू और बिहार-झारखंड क्षेत्र से जुड़े राहुल नामक साथी के साथ मिलकर वारदात की साजिश रची थी। आरोपियों ने पहले हाट बाजार में आने वाले सराफा व्यापारियों की रेकी की और फिर लूट की योजना बनाई।

पुलिस के मुताबिक 23 मई को राहुल अपने साथियों संजय और राजू के साथ खुशीराम के घर पहुंचा था, जहां पूरी योजना तैयार की गई। 26 मई को सभी आरोपी कोटमीकला बाजार पहुंचे और सराफा व्यापारियों की गतिविधियों पर नजर रखने लगे। शाम करीब 7 बजे प्रदीप सोनी से सोने-चांदी का बैग छीनने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट की और अवैध हथियार से गोली चला दी।

वारदात के बाद आरोपी मोटरसाइकिल से फरार होकर देवरीखुर्द स्थित गया प्रसाद रजक के घर पहुंचे। वहां लूटे गए जेवरों का बंटवारा किया गया। कुछ आभूषणों की पैकिंग सामग्री को पास की टेकरी में ले जाकर जला दिया गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर उसी टेकरी से देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और छिपाकर रखे गए जेवर बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में खुशीराम साहू और राजाराम साहू, दोनों निवासी बिटकुला तथा गया प्रसाद रजक, निवासी देवरीखुर्द, कोटमीकला चौकी क्षेत्र, जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, लूटा गया आभूषण और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक विशेष टीम दूसरे राज्य में भी भेजी गई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई साइबर तकनीक, खुफिया सूचनाओं और लगातार की गई फील्ड जांच के समन्वय से संभव हो सकी। मामले की जांच अभी जारी है और शेष आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here