हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति का धरना जारी, कहा- उत्तर और पूर्व भारत से जुड़ाव है, दक्षिण और पश्चिम अब भी उपेक्षित

बिलासपुर। बिलासपुर से मुंबई और हैदराबाद के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू करने की मांग एक बार फिर उठाई जा रही है। हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने केंद्र और संबंधित विमानन एजेंसियों से बिलासपुर-मुंबई उड़ान को हैदराबाद तथा इंदौर के रास्ते तत्काल शुरू करने की मांग करते हुए कहा है कि क्षेत्र के यात्रियों को लंबे समय से दक्षिण और पश्चिम भारत के लिए पर्याप्त हवाई संपर्क नहीं मिल पा रहा है।

समिति का कहना है कि वर्तमान में बिलासपुर से दिल्ली के लिए सप्ताह में चार दिन और कोलकाता के लिए सप्ताह में दो दिन उड़ानें संचालित हो रही हैं, जिससे उत्तर और पूर्व भारत तक पहुंच संभव है। लेकिन दक्षिण और पश्चिम भारत के प्रमुख शहरों के लिए कोई सीधी हवाई सेवा उपलब्ध नहीं है।

ट्रेन से सफर भी आसान नहीं

समिति ने बताया कि बिलासपुर से हैदराबाद या मुंबई के लिए कोई सीधी ट्रेन भी शुरू नहीं होती। यात्रियों को अन्य शहरों से आने वाली ट्रेनों पर निर्भर रहना पड़ता है, जिनमें आरक्षण मिलना अक्सर कठिन होता है। ऐसे में हवाई सेवा शुरू होना व्यापार, उद्योग, शिक्षा, चिकित्सा और रोजगार के लिए यात्रा करने वाले लोगों की बड़ी आवश्यकता है।

पांच वर्षों से उठ रही है मांग

समिति ने याद दिलाया कि वह पिछले पांच वर्षों से देश की चारों दिशाओं के प्रमुख शहरों से बिलासपुर को हवाई मार्ग से जोड़ने की मांग कर रही है। वर्ष 2021 में बिलासपुर एयरपोर्ट शुरू होने के समय यह आश्वासन दिया गया था कि जल्द ही उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम भारत के प्रमुख शहरों के लिए उड़ानें शुरू की जाएंगी। हालांकि अब तक मुंबई और हैदराबाद के लिए कोई सेवा शुरू नहीं हो सकी है।

समिति का कहना है कि हैदराबाद के लिए उड़ान शुरू करने का आश्वासन भी दो-तीन बार दिया गया, लेकिन अब तक यह केवल घोषणा तक सीमित है। हाल ही में रीवा-रायपुर-हैदराबाद उड़ान शुरू की गई है, जबकि समिति का मानना है कि यही सेवा बिलासपुर के रास्ते भी संचालित की जा सकती थी।

धरने में बड़ी संख्या में शामिल हुए नागरिक

अपनी मांगों को लेकर समिति का विशाल धरना शनिवार को भी जारी रहा। प्रदर्शन में रवि बनर्जी, ऋषि राज गौतम, मनोज श्रीवास, दीपक कश्यप, शिरीष कश्यप, अनिल गुलहारे, संतोष पिपलवा, विभूतिभूषण गौतम, जसवीर सिंह चावला, देवेंद्र सिंह ठाकुर, गौरव एयरी, समीर अहमद ‘बबला’, महेश दुबे ‘टाटा’, प्रतीक तिवारी, संदीप बाजपेयी, केशव गोरख, मनोज तिवारी, प्रकाश बहरानी, रंजीत सिंह, तनुजा, अखिल अली और सुदीप श्रीवास्तव सहित अनेक लोग शामिल हुए।

समिति ने कहा कि बिलासपुर जैसे तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक और शैक्षणिक शहर को देश के प्रमुख महानगरों से बेहतर हवाई संपर्क मिलना समय की आवश्यकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here