प्रधानमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने का किया आह्वान

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर रविवार से देशभर में ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान’ की शुरुआत हुई। इसी क्रम में राजधानी रायपुर के लोक भवन में राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं, विद्यार्थियों, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों तथा विभिन्न युवा समूहों ने भाग लिया। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लेते हुए समाज को नशे की बुराइयों से मुक्त करने में सक्रिय भूमिका निभाने का वचन दिया।

प्रधानमंत्री ने युवाओं से किया सीधा संवाद

नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से अभियान का शुभारंभ करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि नशे की लत केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करती है। विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।

उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि यदि युवा अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और क्षमता को सकारात्मक दिशा में लगाएं तो भारत को विकसित राष्ट्र बनने से कोई नहीं रोक सकता।

युवाओं ने देखा सीधा प्रसारण, ली नशामुक्ति की शपथ

लोक भवन में मौजूद युवाओं और विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण देखा। इसके बाद राज्यपाल और मुख्यमंत्री की उपस्थिति में सभी ने नशामुक्ति की शपथ ली।

इस अवसर पर युवाओं को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, सकारात्मक सोच विकसित करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।

100 सप्ताह तक चलेगा अभियान

‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान’ 2 अगस्त 2026 से अगले 100 सप्ताह तक पूरे देश में संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी), ‘माई भारत’ युवा संगठन तथा अन्य युवा समूहों के सहयोग से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इनमें नशामुक्ति शपथ, जागरूकता रैलियां, पोस्टर और पेंटिंग प्रतियोगिताएं, वाद-विवाद, निबंध लेखन, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, लघु फिल्मों का प्रदर्शन, सोशल मीडिया अभियान और सामुदायिक संवाद जैसी गतिविधियां शामिल होंगी।

जनभागीदारी से बनेगा व्यापक अभियान

अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, उन्हें सकारात्मक जीवन मूल्यों से जोड़ना और विकसित भारत के निर्माण में उनकी जिम्मेदार भागीदारी सुनिश्चित करना है। केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से इस अभियान को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने की योजना बनाई गई है।

कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, विधिक सलाहकार सत्यभामा अजय दुबे, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में युवा और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here