एयरकंडीशंड हॉल में चेक-इन, सिक्योरिटी, फूड कोर्ट और वीआईपी लाउंज; बैगेज कन्वेयर बेल्ट अभी दायरे से बाहर, साथ लगाने की मांग
बिलासपुर। बिलासपुर के बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट के टर्मिनल विस्तार की तस्वीर अब काफी स्पष्ट हो गई है। प्रस्तावित विस्तार में करीब 22 हजार वर्गफीट क्षेत्र में नया टर्मिनल विकसित किया जाएगा। इसमें यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रवेश लॉबी, चेक-इन क्षेत्र, सुरक्षा जांच, बोर्डिंग लॉबी, फूड कोर्ट, बेबी केयर रूम, वीआईपी लाउंज सहित कई सुविधाएं प्रस्तावित हैं।
टर्मिनल के बाहर करीब 6 हजार वर्गफीट का कवर्ड पोर्च बनाया जाएगा। इससे यात्रियों को एयरपोर्ट पहुंचने या विमान से उतरने के दौरान बारिश और धूप से राहत मिलेगी।
16 हजार वर्गफीट का होगा एयरकंडीशंड हॉल
नए टर्मिनल के 16 हजार वर्गफीट के एयरकंडीशंड हॉल में यात्रियों के लिए अलग-अलग सुविधाएं विकसित की जाएंगी। करीब 1,400 वर्गफीट की एंट्रेंस लॉबी और 4,800 वर्गफीट की चेक-इन लॉबी होगी। दोनों स्थानों पर शौचालय की सुविधा रहेगी। चेक-इन लॉबी में यात्रियों के लिए छोटा चाय-कॉफी शॉप भी प्रस्तावित है।
सुरक्षा जांच के लिए तीन सिक्योरिटी काउंटर और एक्स-रे मशीनें लगाई जाएंगी। सुरक्षा जांच के बाद यात्री करीब 6 हजार वर्गफीट की बोर्डिंग लॉबी में पहुंचेंगे।
बोर्डिंग लॉबी में फूड कोर्ट और बेबी केयर रूम
बोर्डिंग क्षेत्र में यात्रियों के लिए तीन दुकानों वाला छोटा फूड कोर्ट बनाया जाएगा। इसके अलावा शौचालय, बेबी केयर रूम और स्मोकिंग एरिया की व्यवस्था भी होगी। नए टर्मिनल में करीब 900 वर्गफीट का वीआईपी लाउंज भी प्रस्तावित है। इसमें अलग कैंटीन और शौचालय की सुविधा रहेगी।
इस तरह प्रस्तावित डिजाइन में यात्रियों की अधिकांश जरूरतों को शामिल किया गया है। हालांकि, एक महत्वपूर्ण सुविधा अभी निर्माण के स्वीकृत दायरे में शामिल नहीं है।
बैगेज कन्वेयर बेल्ट के लिए जगह, लेकिन बजट नहीं
टर्मिनल में बैगेज कन्वेयर बेल्ट लगाने के लिए जगह निर्धारित की गई है, लेकिन मौजूदा स्वीकृत कार्य में इसकी स्थापना शामिल नहीं है। हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति की पूछताछ में सामने आया कि कन्वेयर बेल्ट लगाने के लिए विशेष विद्युत कार्य की जरूरत होगी। इसके लिए अलग से टेंडर और बजट स्वीकृति की आवश्यकता होगी।
समिति का कहना है कि यदि कन्वेयर बेल्ट को बाद में अलग से लगाया गया तो नए टर्मिनल में दोबारा निर्माण कार्य की जरूरत पड़ सकती है। इसलिए इसे टर्मिनल विस्तार के साथ ही शामिल कर पूरा किया जाना चाहिए, ताकि बिलासपुर को शुरुआत से ही पूरी तरह आधुनिक और सुविधासंपन्न एयरपोर्ट टर्मिनल मिल सके।
एयर सुविधाओं की मांग को लेकर धरना जारी
इधर बिलासपुर एयरपोर्ट की सुविधाओं और कनेक्टिविटी के विस्तार की मांग को लेकर हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति का बेमियादी धरना रविवार को भी जारी रहा। धरने में रवि बनर्जी, परसराम कैवर्त, बद्री यादव, अनिल गुलहरे, ऋषि राज गौतम, शिरीष कश्यप, संतोष पिपलवा, देवेंद्र सिंह ठाकुर, समीर अहमद ‘बबला’, राघवेंद्र सिंह ठाकुर, रोहित तिवारी, गोपी राव, पंकज सिंह, मनोज तिवारी, महेश दुबे ‘टाटा’, आशुतोष शर्मा, विभूतिभूषण गौतम, संदीप बाजपेयी, गौरव ऐरी, मनोहर खटवानी, अमर बजाज, रवि, अकील अली और सुदीप श्रीवास्तव सहित अन्य लोग शामिल रहे।














