गुणवत्ता और समयसीमा को लेकर आगाह किया डिप्टी सीएम ने
बिलासपुर। बेमेतरा जिले के नांदघाट से मुंगेली जिला मुख्यालय तक की दो-लेन सड़क को फोरलेन में विकसित करने का रास्ता साफ हो गया है। राज्य सरकार ने इस परियोजना के लिए 21.81 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इस राशि से 36.40 किलोमीटर लंबी सड़क का फोरलेन उन्नयन कार्य कराया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव की मंजूरी के बाद मंत्रालय ने निधि स्वीकृति संबंधी आदेश जारी करते हुए लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
सरकार ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। स्पष्ट किया गया है कि सड़क निर्माण में उपयोग होने वाली सामग्री या कार्य निष्पादन की गुणवत्ता में किसी भी स्तर पर समझौता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों की जवाबदेही तय की जाएगी तथा नियमानुसार कार्रवाई होगी।
लोक निर्माण विभाग ने प्रमुख अभियंता को निर्धारित समयसीमा में निविदा प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही निर्माण लागत को यथासंभव किफायती रखने और स्वीकृत प्राक्कलन के अनुरूप कार्य कराने पर भी जोर दिया गया है।
विभाग ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि निर्माण एजेंसी अनुबंध में तय अवधि के भीतर कार्य पूरा करे। कार्य पूर्ण करने की समयसीमा में अनावश्यक बढ़ोतरी से बचने के निर्देश दिए गए हैं। यदि अपरिहार्य परिस्थितियों में समय बढ़ाना आवश्यक हो, तो केवल सक्षम प्राधिकारी की अनुमति से ही ऐसा किया जा सकेगा।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि निर्माण अवधि बढ़ाने की स्थिति में संबंधित नियमों के अनुसार दंडात्मक प्रावधान लागू किए जाएंगे। इससे परियोजना को समय पर पूरा कराने और निर्माण कार्य में जवाबदेही सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है।














