जस्टिस संजय के. अग्रवाल राजस्थान हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस होंगे, सोमवार को कॉलेजियम ने लिया फैसला
बिलासपुर। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के अगले मुख्य न्यायाधीश के रूप में ओडिशा हाईकोर्ट के जस्टिस कृष्ण राम (केआर) मोहापात्रा की नियुक्ति की सिफारिश की है। यह निर्णय वर्तमान मुख्य न्यायाधीश जस्टिस रमेश सिन्हा के 4 सितंबर 2026 को सेवानिवृत्त होने के मद्देनजर लिया गया है। जस्टिस मोहापात्रा हाल ही में ओडिशा हाईकोर्ट से स्थानांतरित होकर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट आए हैं।
जस्टिस अग्रवाल को राजस्थान भेजने की तैयारी
कॉलेजियम ने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के वरिष्ठतम न्यायाधीश जस्टिस संजय के. अग्रवाल को राजस्थान हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की भी सिफारिश की है। इस संबंध में फैसला 31 अगस्त को दिल्ली में हुई सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की बैठक में लिया गया।
कॉलेजियम ने इससे पहले 6 अगस्त 2026 की बैठक में जस्टिस केआर मोहापात्रा को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाए जाने की सिफारिश की थी। अब जस्टिस रमेश सिन्हा के सेवानिवृत्त होने के बाद वह मुख्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी संभालेंगे।
दो अन्य हाईकोर्ट के लिए भी सिफारिश
कॉलेजियम ने न्यायिक नियुक्तियों और तबादलों के तहत अन्य महत्वपूर्ण सिफारिशें भी की हैं। गुजरात हाईकोर्ट के जस्टिस अल्पेश यशवंत कोग्जे को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में नियुक्त करने तथा राजस्थान हाईकोर्ट के जस्टिस डॉ. पुष्पेंद्र सिंह भाटी को जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाए जाने की सिफारिश की गई है।
जस्टिस मोहपात्रा का जन्म 18 अप्रैल 1965 को हुआ था। उन्होंने बीए और एलएलबी की शिक्षा प्राप्त की है। वे दिवंगत न्यायमूर्ति शरत चंद्र मोहपात्रा के पुत्र हैं। उन्होंने 7 फरवरी 1988 को ओडिशा स्टेट बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में नामांकन कराया था। उन्होंने सिविल, सर्विस, क्रिमिनल और संवैधानिक कानून समेत कानून की विभिन्न शाखाओं में करीब 26 वर्षों तक वकालत की।
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में मुख्य न्यायाधीश और वरिष्ठ न्यायाधीश से जुड़े दोनों बदलाव की प्रक्रिया जल्द पूरी होने की संभावना है। माना जा रहा है कि अगले सप्ताह तक इन नियुक्तियों और तबादलों को अंतिम रूप दिया जा सकता है।














