राष्ट्रपति भवन में बिखेरी प्रदेश की प्रतिभा और लोक संस्कृति, सुआ नृत्य ने मोहा मन

रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर लौटे छत्तीसगढ़ के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सोमवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उनके निवास पर सौजन्य भेंट की। विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री के साथ राष्ट्रपति भवन की यात्रा और राष्ट्रपति से हुई यादगार मुलाकात के अनुभव साझा किए।

मुख्यमंत्री साय ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के बच्चों में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। सही अवसर और प्रोत्साहन मिलने पर वे हर क्षेत्र में छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर सकते हैं।

राष्ट्रपति ने छात्र से बांधी राखी

रक्षाबंधन के अवसर पर राष्ट्रपति से हुई मुलाकात के दौरान एक भावुक क्षण भी सामने आया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने CWSN छात्र नुकेश कुमार वर्मा को स्वयं राखी बांधी। राष्ट्रपति का यह स्नेहपूर्ण व्यवहार नुकेश और वहां मौजूद विद्यार्थियों के लिए अविस्मरणीय स्मृति बन गया।

इस दौरान छात्राओं ने छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सुआ नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। राष्ट्रपति ने प्रस्तुति की सराहना करते हुए प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं की प्रशंसा की।

युवाओं से बड़े सपने देखने का आह्वान

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से कहा कि राष्ट्रपति से मिले प्रोत्साहन और यात्रा के अनुभवों को भविष्य की सफलता की प्रेरणा बनाएं। उन्होंने मेहनत, आत्मविश्वास और बड़े लक्ष्य के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

साय ने कहा कि लोक संस्कृति हमारी पहचान और अमूल्य विरासत है। जब युवा पीढ़ी इसे राष्ट्रीय मंचों पर प्रस्तुत करती है, तो प्रदेश की परंपराओं को नई पहचान और ऊर्जा मिलती है।

राष्ट्रपति से मिलने वाले विद्यार्थियों में नारायणपुर की राजवती पोयाम, सुकमा के हिमांशु ठाकुर, दुर्ग की पायल राजानी, महासमुंद की रागिनी साहू, रायपुर के नुकेश कुमार वर्मा तथा महासमुंद के दुर्गेश साहू और दिगेश सेन शामिल थे। इस अवसर पर डॉ. मुक्ति बैस और व्याख्याता चंद्रशेखर मिथलेश भी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here