40 एकड़ में बनेगा राष्ट्रीय स्तर का संस्थान; 2-3 साल में शुरू होगा पहला बैच, पूरी क्षमता पर 10 हजार छात्रों को मिलेगा लाभ

रायपुर। छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में शामिल नरसी मोनजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (NMIMS) अब नवा रायपुर अटल नगर में अपना कैंपस स्थापित करेगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में मंगलवार को संस्थान के लिए लीज एग्रीमेंट और भूमि पंजीयन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई।

40 एकड़ में बनेगा आधुनिक कैंपस

NMIMS का आधुनिक कैंपस नवा रायपुर के सेक्टर-18 में करीब 40 एकड़ जमीन पर विकसित किया जाएगा। संस्थान का संचालन करने वाली संस्था विले पार्ले केलवणी मंडल (SVKM) को यह जमीन 90 वर्ष की लीज पर दी गई है। राज्य मंत्रिपरिषद ने 21 जनवरी 2026 को भूमि आवंटन के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी।

संस्थान का पहला शैक्षणिक बैच अगले दो से तीन वर्षों में शुरू होने का लक्ष्य है। पूरी तरह विकसित होने के बाद यहां करीब 10 हजार छात्र अध्ययन कर सकेंगे।

युवाओं को प्रदेश में ही मिलेंगे बड़े अवसर

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि छत्तीसगढ़ के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा के लिए बड़े महानगरों का रुख न करना पड़े। NMIMS की स्थापना से प्रबंधन, कौशल विकास और रोजगारपरक शिक्षा के क्षेत्र में युवाओं को राष्ट्रीय स्तर के अवसर प्रदेश में ही मिल सकेंगे।

संस्थान की स्थापना से शिक्षा के साथ-साथ रोजगार, नवाचार, उद्यमिता और उद्योगों के अनुरूप कुशल मानव संसाधन तैयार करने के अवसर भी बढ़ेंगे। देश के अन्य राज्यों से भी विद्यार्थियों के नवा रायपुर आने की संभावना है, जिससे यहां का शैक्षणिक और सांस्कृतिक वातावरण और समृद्ध होगा।

एजुकेशन हब के रूप में मजबूत होगी नवा रायपुर की पहचान

NMIMS कैंपस की स्थापना को नवा रायपुर को राष्ट्रीय स्तर के शिक्षा और ज्ञान केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विद्यार्थियों, शिक्षकों और शोधकर्ताओं की बढ़ती मौजूदगी से शिक्षा से जुड़ी सेवाओं और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होने की उम्मीद है।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, आवास एवं पर्यावरण सचिव अंकित आनंद और नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण के CEO चंदन कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here