नई दिल्ली। मुंगेली जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग को लेकर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से मुलाकात की। उन्होंने मुंगेली में मेडिकल कॉलेज की आवश्यकता और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों व नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही मांग से केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को अवगत कराया।

तोखन साहू ने बताया कि जिला मुख्यालय मुंगेली में मेडिकल कॉलेज नहीं होने के कारण क्षेत्र के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के लिए दूसरे जिलों का रुख करना पड़ता है। वर्तमान में मुंगेली के नजदीक मेडिकल कॉलेज बिलासपुर में है, जो करीब 40 किलोमीटर दूर स्थित है।

उन्होंने कहा कि मुंगेली में मेडिकल कॉलेज स्थापित होने से स्थानीय विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का बेहतर अवसर मिलेगा। इसके साथ ही जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं का भी विस्तार होगा। मेडिकल कॉलेज से मुंगेली के अलावा आसपास के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को भी बेहतर उपचार और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

केंद्रीय राज्य मंत्री ने नड्डा से मुंगेली में मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए आवश्यक पहल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के समक्ष मुंगेली जिले के विकास और स्थानीय जरूरतों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

मुंगेली विधायक एवं पूर्व मंत्री पुन्नूलाल मोहले भी केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू से मुलाकात कर मुंगेली में मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए पहल करने का आग्रह कर चुके हैं।

किरण सिंह देव से भी मिले तोखन और धर्मजीत सिंह

इसी दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह ठाकुर ने छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण सिंह देव से दिल्ली के द्वारका स्थित अस्पताल में मुलाकात की। दोनों नेताओं ने अस्पताल पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here