अश्लील मैसेज और लगातार पीछा करने की शिकायत, पुलिस ने दर्ज किया केस; आरोपी फरार

जांजगीर। जांजगीर-चांपा जिले में पशु चिकित्सा विभाग की महिला डॉक्टर से कथित छेड़छाड़ और लगातार परेशान करने का मामला सामने आया है। महिला डॉक्टर की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने विभाग के ड्राइवर रूपेश कुमार थवाईत के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायत में डॉक्टर ने आरोप लगाया है कि आरोपी लगातार उनका पीछा करता था और मोबाइल पर अश्लील टिप्पणियां व आपत्तिजनक संदेश भेजता था।

लगातार हो रही कथित हरकतों से परेशान होकर महिला डॉक्टर ने पुलिस से शिकायत की। इसके बाद महिला थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 78, 79 और 351(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

आरोपी की तलाश में पुलिस

मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और मोबाइल तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने भी की सख्त कार्रवाई

पुलिस कार्रवाई के बाद पशु चिकित्सा सेवा विभाग ने भी आरोपी कर्मचारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है। जांजगीर-चांपा के उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं द्वारा जारी आदेश में रूपेश कुमार थवाईत को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

विभागीय आदेश में पुलिस प्रकरण और आपराधिक मामले में कार्रवाई को कर्मचारी के आचरण से जोड़ते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम 9(1) के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई है।

चांपा पशु चिकित्सालय बनाया गया मुख्यालय

निलंबन अवधि में आरोपी को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। इस दौरान उसका मुख्यालय पशु चिकित्सालय चांपा, जिला जांजगीर-चांपा निर्धारित किया गया है।

महिला डॉक्टर की शिकायत के बाद एक ही मामले में पुलिस और विभागीय स्तर पर कार्रवाई होने से विभाग में भी हलचल है। पुलिस अब आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here