रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित निर्माण और विकास परियोजनाओं को लेकर मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में परियोजना निर्माण एवं क्रियान्वयन समिति की बैठक हुई। इसमें प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में प्रस्तावित सड़क, पुल, रेलवे ओवरब्रिज और फ्लाईओवर परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
परियोजनाओं की लागत का स्पष्ट आकलन जरूरी
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रस्तावित निर्माण कार्यों की तुलनात्मक लागत का स्पष्ट और वास्तविक आकलन किया जाए। आगामी बजट में शामिल की जाने वाली प्रमुख परियोजनाओं की पहचान पहले ही कर ली जाए और उनके लिए प्रशासनिक तथा तकनीकी तैयारियां समय रहते पूरी की जाएं।
बिलासपुर में ROB और फ्लाईओवर पर चर्चा
बैठक में बिलासपुर-कटनी रेल लाइन पर रेलवे ओवरब्रिज (ROB) निर्माण और बिलासपुर जिले में फ्लाईओवर परियोजना पर विस्तार से चर्चा हुई।
इसके अलावा कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर-कांकेर-पखांजूर मार्ग पर सड़क निर्माण, पुल-पुलियों के निर्माण और उन्नयन संबंधी प्रस्तावों की समीक्षा की गई।
कई जिलों की सड़क परियोजनाएं भी शामिल
बैठक में नगरी-कांकेर-भानुप्रतापपुर-मानपुर-राजनांदगांव-कवर्धा-फास्टरपुर मार्ग से जुड़ी परियोजनाओं पर भी चर्चा हुई। इसके साथ पुरा-कुंडा मार्गों के उन्नयन और चौड़ीकरण तथा कुम्हारी-अहिवारा-धमधा-गंडई-साल्हेवारा सड़क परियोजना की स्थिति की समीक्षा की गई।
बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, वित्त सचिव डॉ. रोहित यादव, लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार, जल संसाधन विभाग के सचिव राजेश कुमार टोप्पो, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के सचिव भुवनेश यादव और ऊर्जा विभाग के सचिव सारांश मित्तर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।














