लूट के माल के बंटवारे पर पेट्रोल पंप में विवाद के बाद खुला राज
बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र के मांझगांव में करीब डेढ़ महीने पहले हुई घर में लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने बुर्का पहनकर घर में प्रवेश किया था और हथियार के बल पर परिवार को डराकर सोने के जेवर लूट लिए थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट के सोने के जेवर, पिस्टल, कार, बाइक और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों का संबंध एक अन्य लूट की वारदात से है।
18 जुलाई की रात हुई थी वारदात
पुलिस के अनुसार 18 जुलाई की रात बुर्का पहने आरोपी छेदीलाल जायसवाल के मांझगांव स्थित घर में घुसे। छेदीलाल जब बाथरूम गया तो आरोपियों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद घर में मौजूद राजकुमारी जायसवाल को हथियार दिखाकर धमकाया।
आरोपियों ने मारपीट और धमकी देकर करीब 50 हजार रुपये कीमत के सोने के लॉकेट और गेहूं के दाने जैसे डिजाइन वाले सोने के दाने लूट लिए और फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। करीब डेढ़ महीने बाद मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पीड़िता का भतीजा निकला मास्टरमाइंड
जांच में सामने आया कि इस वारदात की साजिश राजकुमारी जायसवाल के भतीजे राकेश जायसवाल ने रची थी। उसने अपने साथियों दिव्यांशु जायसवाल और आदर्श तिवारी के साथ मिलकर योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार आरोपियों को हथियार की जरूरत थी। इसके लिए उन्होंने सनी सिंह से संपर्क किया। सनी उन्हें रीवा ले गया, जहां उसके भाई की मदद से देशी पिस्टल की व्यवस्था की गई।
इसके बाद आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। लूटे गए सोने को बेचने के लिए पहले तखतपुर की एक दुकान पर प्रयास किया गया, लेकिन दुकानदार ने सामान खरीदने से इनकार कर दिया। बाद में हरष सोनी को जेवर बेचे गए। पुलिस का दावा है कि हरष सोनी को जेवर के लूट का होने की जानकारी थी।
पेट्रोल पंप पर विवाद ने खोला राज
पुलिस के मुताबिक लूट की रकम और सामान के बंटवारे को लेकर आरोपियों में बाद में विवाद हो गया। पेट्रोल पंप पर वाहन में ईंधन भरवाते समय उनके बीच झगड़ा हुआ। इसी विवाद के बाद एक आरोपी ने पुलिस को जानकारी दे दी, जिसके आधार पर पुलिस बाकी आरोपियों तक पहुंच गई।
रेलवे कर्मचारी से भी लूट का खुलासा
पूछताछ में पुलिस को आरोपियों की एक और वारदात में संलिप्तता का पता चला। पुलिस के अनुसार 8 जुलाई को सलका डैम के पास बेलगहना रेलवे स्टेशन से लौट रहे रेलवे कर्मचारी मिधारी सिंह से आरोपियों ने बैग छीन लिया था। बैग में करीब ₹7,430 की कलेक्शन राशि थी।
छह आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश
पुलिस ने राकेश जायसवाल, दिव्यांशु जायसवाल, आदर्श तिवारी, हर्ष नामदेव, हर्ष सोनी और सनी सिंह को गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ बीएनएस तथा आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पिस्टल, सोने के जेवर, अर्टिगा कार, प्लेटिना मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है।













