पूर्वी भारत में बेस तैयार होने के बाद उड़ान शुरू करने की योजना, समिति ने मांगी हैदराबाद-बिलासपुर फ्लाइट
बिलासपुर। बिलासपुर एयरपोर्ट से हवाई सेवाओं के विस्तार की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच एक उम्मीद जगाने वाली जानकारी सामने आई है। ‘हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति’ के अनुसार एयरलाइन कंपनी Fly91 ने 40 नए ATR विमानों का ऑर्डर दिया है और पूर्वी भारत में अपना बेस तैयार करने के बाद बिलासपुर से उड़ान संचालन शुरू करने की योजना पर काम कर रही है।
समिति ने बताया कि Fly91 से उसका लंबे समय से संपर्क बना हुआ है। कंपनी वर्तमान में आठ विमानों का संचालन कर रही है और उसका मुख्य संचालन केंद्र हैदराबाद में है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक कंपनी पूर्वी भारत में अपना नया बेस अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में है। बेस स्थापित होने के बाद बिलासपुर से उड़ान शुरू किए जाने की संभावना है।
अभी एक फ्लाइट शुरू करने की मांग
हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों ने Fly91 के अधिकारियों से आग्रह किया है कि पूर्वी भारत में बेस बनने का इंतजार किए बिना कम से कम हैदराबाद-बिलासपुर के बीच एक उड़ान शुरू करने की पहल की जाए। समिति का कहना है कि इससे बिलासपुर के यात्रियों को तत्काल राहत मिल सकती है और एयरलाइन के लिए भी क्षेत्र में अपनी उपस्थिति स्थापित करने का अवसर मिलेगा।
समिति ने कहा कि लंबे समय बाद किसी एयरलाइन ने ATR विमानों के बेड़े के विस्तार की दिशा में इतनी बड़ी पहल की है। वर्तमान में अधिकांश विमानन कंपनियां अपने बेड़े में मुख्य रूप से Boeing और Airbus विमानों को शामिल कर रही हैं।
1,500 मीटर रनवे के कारण ATR विमानों की अहमियत
बिलासपुर एयरपोर्ट की करीब 1,500 मीटर लंबी रनवे के कारण फिलहाल यहां ATR जैसे छोटे क्षेत्रीय विमानों का संचालन अधिक व्यावहारिक माना जाता है। समिति के अनुसार Reliance के अलावा IndiGo के पास पर्याप्त संख्या में ATR विमान हैं, लेकिन IndiGo ने अभी तक बिलासपुर से सेवा शुरू करने में रुचि नहीं दिखाई है।
ऐसे में Fly91 द्वारा ATR विमानों का बेड़ा बढ़ाने की पहल को बिलासपुर की हवाई कनेक्टिविटी के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। कंपनी को नए विमानों की डिलीवरी 2027 से शुरू होने की संभावना है।
आंदोलन जारी, समिति ने दोहराई मांग
बिलासपुर से नियमित और व्यापक हवाई सेवाओं की मांग को लेकर समिति का आंदोलन भी जारी रहा। रविवार को प्रदर्शन में रवि बनर्जी, ऋषि राज गौतम, विभूति भूषण गौतम, संतोष पिपलवा, बद्री यादव, देवेंद्र सिंह ठाकुर, परसराम कैवर्त, हर प्रसाद कैवर्त, बद्री प्रसाद, गोपी राव, भास्कर मिश्रा, मनोज तिवारी, शिरीष कश्यप, महेश दुबे, प्रतीक तिवारी, मजार खान, अमर बजाज, शेर असलम, वकील अली और सुदीप श्रीवास्तव सहित अन्य लोग शामिल हुए।
समिति का कहना है कि बिलासपुर की बढ़ती यात्री जरूरतों को देखते हुए जल्द से जल्द नई उड़ानों की शुरुआत जरूरी है। Fly91 की प्रस्तावित योजना ने इस मांग को लेकर उम्मीद जरूर बढ़ाई है।













