रायपुर। जस्टिस कृष्ण राम महापात्रा ने सोमवार को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में पदभार संभाल लिया। राज्यपाल रमेन डेका ने लोक भवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम में आयोजित समारोह में उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही जस्टिस महापात्रा छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के 16वें मुख्य न्यायाधीश बन गए हैं।
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान राज्यपाल ने राष्ट्रपति द्वारा जारी नियुक्ति वारंट की मूल प्रति जस्टिस महापात्रा को सौंपी और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
जस्टिस महापात्रा इससे पहले ओडिशा हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश के रूप में सेवाएं दे रहे थे। अब उन्हें छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में न्यायिक प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है।
मुख्यमंत्री समेत कई प्रमुख हस्तियां रहीं मौजूद
समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री तोखन साहू, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक सुनील सोनी और अनुज शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के न्यायाधीशों के साथ जस्टिस महापात्रा की पत्नी अनीता महापात्रा भी समारोह में मौजूद थीं।
मुख्य सचिव ने पढ़ा राष्ट्रपति का नियुक्ति वारंट
समारोह की कार्यवाही राज्य के मुख्य सचिव विकास शील ने संचालित की। उन्होंने राष्ट्रपति द्वारा जारी नियुक्ति वारंट का वाचन किया। इसके बाद राज्यपाल रमेन डेका ने जस्टिस महापात्रा को शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, गृह विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, राज्यपाल के सचिव डॉ. सीआर प्रसन्ना, महाधिवक्ता विवेक साहू और हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल रजनीश श्रीवास्तव समेत वरिष्ठ अधिकारी और हाईकोर्ट के अधिवक्ता भी उपस्थित रहे।
जस्टिस कृष्ण राम महापात्रा के पदभार संभालने के साथ छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को नया मुख्य न्यायाधीश मिल गया है।














