रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य और कोरबा जिले की निवासी संजू देवी से फोन पर बातचीत कर उन्हें बधाई दी। मुख्यमंत्री ने उनके प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी उपलब्धि से छत्तीसगढ़ गौरवान्वित है।

प्रतिभा और मेहनत की सराहना

मुख्यमंत्री ने संजू देवी से बातचीत के दौरान कहा कि उन्होंने अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल कौशल से न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि देश का नाम भी रोशन किया है। उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय महिला कबड्डी टीम की स्वर्णिम सफलता गर्व का विषय है और इसमें छत्तीसगढ़ की बेटी की भागीदारी प्रदेश के लिए विशेष उपलब्धि है।

साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियां शिक्षा और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा साबित कर रही हैं। कोरबा की संजू देवी ने राष्ट्रीय टीम में जगह बनाकर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व किया। उनकी सफलता उन युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है जो खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देख रहे हैं।

खेल प्रतिभाओं को अवसर देने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण, अवसर और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उनका प्रयास है कि गांवों, आदिवासी अंचलों और छोटे शहरों में मौजूद खिलाड़ियों को उचित मंच मिले ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर सकें।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ ओलिंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया भी उपस्थित थे।

फाइनल में ईरान को हराकर जीता स्वर्ण

जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने फाइनल मुकाबले में ईरान को हराकर स्वर्ण पदक जीता। टीम की इस सफलता में कोरबा की संजू देवी भी भारतीय राष्ट्रीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य के रूप में शामिल रहीं।

मुख्यमंत्री ने भारतीय महिला कबड्डी टीम के सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ को भी बधाई दी। उन्होंने टीम के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि भारतीय खिलाड़ी आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी देश का गौरव बढ़ाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here