जगदलपुर-बिलासपुर-दिल्ली उड़ान भी बहाल करने की मांग, सप्ताह में दो दिन संचालन से दिल्ली कनेक्टिविटी छह दिन होने का दावा
बिलासपुर। बिलासपुर से हाल ही में बंद की गई कोलकाता फ्लाइट को दोबारा शुरू कराने के लिए हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति का आंदोलन लगातार जारी है। समिति ने अब Alliance Air प्रबंधन के सामने फ्लाइट बहाल करने के साथ ही इसके संचालन के नए विकल्प भी रखे हैं। समिति का कहना है कि बिलासपुर से कोलकाता के लिए सुबह की सीधी उड़ान सबसे बेहतर विकल्प है। अगर किसी वजह से सीधी फ्लाइट शुरू करना संभव नहीं है तो इसे पटना या रांची होकर कोलकाता तक चलाया जा सकता है।
समिति के मुताबिक इस विकल्प से बिलासपुर को पटना और रांची से भी सीधा हवाई संपर्क मिल जाएगा। पटना बिहार की राजधानी है जबकि रांची झारखंड की राजधानी होने के साथ ही Central Coalfields और CMPDIL जैसी महत्वपूर्ण कंपनियों का मुख्यालय भी है। इन कंपनियों का SECL बिलासपुर के साथ लगातार कामकाजी संपर्क रहता है। इसके अलावा बिहार और झारखंड के बड़ी संख्या में लोग बिलासपुर में रहते हैं। ऐसे में इस रूट से यात्रियों को भी फायदा मिलेगा।
अंबिकापुर रूट के बराबर हो सकता है सफर
समिति का कहना है कि पटना या रांची होकर कोलकाता की उड़ान का कुल सफर समय अंबिकापुर होकर कोलकाता जाने में लगने वाले समय के आसपास ही रहेगा। इसलिए इसे बिलासपुर-कोलकाता कनेक्टिविटी बनाए रखने का व्यावहारिक विकल्प माना जा सकता है।
समिति के सदस्यों ने Alliance Air प्रबंधन से सुबह की सीधी बिलासपुर-कोलकाता उड़ान बहाल करने का आग्रह किया है। साथ ही कंपनी को वैकल्पिक रूट का सुझाव देकर कहा है कि किसी भी स्थिति में बिलासपुर और कोलकाता के बीच हवाई संपर्क बंद नहीं रहना चाहिए।
जगदलपुर-बिलासपुर-दिल्ली फ्लाइट फिर शुरू करने की मांग
समिति ने जगदलपुर-बिलासपुर-दिल्ली उड़ान को भी दोबारा शुरू करने की मांग उठाई है। समिति के अनुसार करीब एक साल पहले जगदलपुर से दिल्ली के लिए बिलासपुर होकर सप्ताह में एक दिन उड़ान चलती थी। इसके अलावा एक फ्लाइट जabalpur होकर भी संचालित होती थी। दोनों सेवाएं फिलहाल बंद हैं।
समिति का कहना है कि अगर जगदलपुर-बिलासपुर-दिल्ली फ्लाइट सप्ताह में दो दिन शुरू कर दी जाए तो बिलासपुर से दिल्ली की मौजूदा चार दिन की कनेक्टिविटी बढ़कर छह दिन हो सकती है। इससे यात्रियों को दिल्ली जाने के लिए ज्यादा विकल्प मिलेंगे और बिलासपुर एयरपोर्ट की उपयोगिता भी बढ़ेगी।
कभी रोज मिलती थी दिल्ली की फ्लाइट
समिति ने याद दिलाया कि बिलासपुर एयरपोर्ट से यात्री उड़ान शुरू होने के शुरुआती दौर में बिलासपुर-दिल्ली के लिए रोज फ्लाइट उपलब्ध थी। यह उड़ान कभी जबलपुर तो कभी प्रयागराज होकर संचालित होती थी। मौजूदा स्थिति में जबलपुर के रास्ते की उड़ान बंद है और प्रयागराज होकर भी सप्ताह में सिर्फ एक फ्लाइट उपलब्ध है।
समिति का कहना है कि बिलासपुर एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए बंद हो चुकी पुरानी सेवाओं को बहाल करने के साथ नए रूट के विकल्पों पर भी काम करना जरूरी है।
आंदोलन में बड़ी संख्या में लोग शामिल
बिलासपुर एयरपोर्ट की सुविधाएं और उड़ानों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर समिति का आंदोलन शनिवार को भी जारी रहा। धरने में रामशरण यादव, देवेंद्र सिंह ठाकुर, बद्री यादव, समीर अहमद ‘बबला’, अनिल गुलहरे, परसराम कैवर्त, शिरीष कश्यप, प्रतीक तिवारी, नवीन तिवारी, राशिद बख्श, ऋषि राज गौतम, शैलेंद्र यादव, मझर खान और अकील अली सहित अन्य लोग मौजूद रहे।














