बच्चों को छोड़कर भाग निकले तीन युवक, नाराज ग्रामीणों ने कार पर किया पथराव 

कोरबा। जिले के लेमरू वन परिक्षेत्र के छातीबहार गांव में गुफा दिखाने के बहाने दो सगे भाइयों को जंगल ले जाना उनके लिए जानलेवा साबित हुआ। गुफा के अंदर पहले से मौजूद भालू ने दोनों बच्चों पर हमला कर दिया। हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार कोरबा शहर से तीन युवक घूमने के लिए छातीबहार गांव पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात आसपास घूम रहे दो भाइयों से हुई। बताया गया कि युवकों ने बच्चों को गुफा और पहाड़ी दिखाने की बात कही। बच्चों ने जब जाने से इनकार किया तो उन्हें पैसे देने का लालच दिया गया। इसके बाद तीनों युवक दोनों भाइयों को काले रंग की कार से गुफा की ओर ले गए।

गुफा में पहले से मौजूद था भालू

कार खड़ी करने के बाद सभी पैदल गुफा की ओर बढ़े। दोनों भाई आगे चल रहे थे, जबकि तीनों युवक पीछे थे। गुफा के पास पहुंचते ही अंदर मौजूद भालू अचानक बाहर आया और छोटे भाई पर हमला कर दिया।

भाई को खतरे में देखकर बड़े भाई ने हिम्मत दिखाई और पत्थर से भालू का सामना किया। उसने किसी तरह अपने छोटे भाई को बचाया। इस दौरान दोनों बच्चे घायल हो गए। आरोप है कि घटना के बाद बच्चों को वहां ले जाने वाले तीनों युवक उन्हें छोड़कर मौके से भाग निकले।

ग्रामीणों ने भाग रहे युवकों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वे बच निकलने में सफल रहे। घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने युवकों की कार में तोड़फोड़ कर दी।

छोटे भाई की हालत गंभीर

घायल बच्चों की पहचान 10 वर्षीय मुकेश और 7 वर्षीय सोनू के रूप में हुई है। परिजन दोनों को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। सोनू की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे बेहतर उपचार के लिए दूसरे अस्पताल रेफर किया गया है।

घटना की सूचना मिलने पर लेमरू के डिप्टी रेंजर श्रवण कुमार वन अमले के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थी। घायल बच्चों के परिजनों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here